Asian Games 2026: होटल की कमी के बीच Team India का ठिकाना तय, शेयरिंग रूम को लेकर भी BCCI ने दिया जवाब

Asian Games 2026 में भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी. नागोया में होटल की कमी के बीच BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर स्थिति साफ कर दी है.

X
Meenu Singh

जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले Asian Games 2026 में क्रिकेट  आकर्षण का बड़ा केंद्र रहेगा. भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें इस प्रतियोगिता में उतरेंगी. टूर्नामेंट से पहले नागोया में होटल की कमी के चलते खिलाड़ियों के ठहरने को लेकर सवाल उठ रहे थे. अब BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया है कि भारतीय क्रिकेटर्स कहां रुकेंगे और उनके लिए किस तरह की व्यवस्था की गई है.

आयोजकों की तय जगह पर रुकेंगे खिलाड़ी

राजीव शुक्ला ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीमें आयोजकों की ओर से तय किए गए आवास में ही रहेंगी. BCCI अलग से किसी होटल की व्यवस्था नहीं कर रहा है. उन्होंने बताया कि बोर्ड ने खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कमरों की तस्वीरें और वीडियो देखे हैं. उनके मुताबिक ये जगहें फाइव-स्टार होटल जैसी नहीं हैं, लेकिन खिलाड़ियों के आराम से रहने के लिए पर्याप्त हैं.

ओसाका और टोक्यो में रुकना होता मुश्किल

शुक्ला के मुताबिक भारतीय टीम के लिए ओसाका या टोक्यो में ठहरने का विकल्प मौजूद था, लेकिन वहां से खिलाड़ियों को आने-जाने में काफी समय लगता. इसी वजह से आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराई गई जगह को ही बेहतर विकल्प माना गया. BCCI लगातार रहने की व्यवस्था पर नजर रख रहा है, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो.


क्रिकेटर्स के लिए नहीं होंगे शेयरिंग कमरे

BCCI उपाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय क्रिकेटर्स को शेयरिंग कमरे में नहीं ठहराया जाएगा. खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग प्रकार के कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे. बोर्ड का फोकस इस बात पर है कि व्यस्त कार्यक्रम के बीच टीम को आराम और सुविधाएं मिलती रहें. पुरुष और महिला दोनों टीमों की जरूरतों को ध्यान में रखकर व्यवस्था की जा रही है.

20 सितंबर को रवाना होगी पुरुष टीम

भारतीय पुरुष टीम 20 सितंबर को टोक्यो के लिए रवाना होगी. वहां 22 सितंबर को भारत और जापान के बीच टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा. इसके बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम 28 सितंबर को एशियन गेम्स में अपना पहला मुकाबला खेलेगी, जो क्वार्टर फाइनल होगा. इस तरह टीम का अभियान शुरू होने से पहले ठहरने को लेकर स्थिति अब साफ हो गई है.

Asian Games 2026 के लिए टीम इंडिया

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह.