Asian Games 2026

Asian Games 2026: कबड्डी में भारत की बादशाहत कायम, फाइनल में ईरान को हराकर 9वीं बार जीता एशियन गेम्स गोल्ड

एशियन गेम्स 2026 में भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता.

X
Ashutosh Rai

Asian Games 2026: भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में एक बार फिर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. फाइनल में भारतीय टीम ने ईरान को 40-34 से हराया. पहले हाफ में पिछड़ने के बाद भारत ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की और मैच पर पकड़ बनाते हुए खिताब अपने नाम कर लिया.

फाइनल में ईरान को 40-34 से हराया

भारत और ईरान के बीच खिताबी मुकाबला शुरुआत से ही कड़ा रहा. पहले हाफ में ईरान ने भारतीय टीम पर दबाव बनाया और एक समय भारत को ऑलआउट करते हुए 14-13 की बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद भी भारत ने अंक जुटाने की कोशिश जारी रखी लेकिन हाफ खत्म होने तक ईरान 18-17 से आगे था. दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने खेल का रुख बदल दिया. भारत ने आक्रामक अंदाज में वापसी की और ईरान को ऑलआउट कर बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बनाए रखी और 40-34 से मुकाबला जीत लिया.

भारत ने 9वीं बार जीता कबड्डी का गोल्ड

ईरान के खिलाफ जीत के साथ भारत ने पुरुष कबड्डी में एशियन गेम्स का अपना 9वां गोल्ड मेडल हासिल किया. एशियन गेम्स में पुरुष कबड्डी के 10 संस्करणों में भारत ने अब नौ बार स्वर्ण पदक जीता है. 2018 में भारत खिताब नहीं जीत पाया था. इस बार भारतीय टीम ने खिताब फिर अपने नाम किया. इससे पहले भारत की महिला टीम ने भी गोल्ड मेडल जीता था. इस तरह 2026 एशियन गेम्स में कबड्डी के दोनों वर्गों में भारत ने स्वर्ण पदक हासिल किया.


सेमीफाइनल में थाईलैंड को दी थी बड़ी मात

फाइनल से पहले भारत ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-28 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी. भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत में ही 7-1 की बढ़त बना ली थी. थाईलैंड ने कुछ समय के लिए वापसी की कोशिश की लेकिन भारत ने हाफ टाइम तक 37-18 की बढ़त बना ली. दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव बनाए रखा और 11 मिनट बाकी रहते 50 अंक पूरे कर लिए. आखिर में भारत ने 66-28 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट पक्का किया था.