एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बेटियों ने जीता पहला गोल्ड, फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर रचा इतिहास

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने Asian Games 2026 में देश के लिए पहला गोल्ड मेडल जीत लिया है. फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की.

X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने Asian Games 2026 में देश के लिए पहला गोल्ड मेडल जीत लिया है. फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की. निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में शानदार प्रदर्शन किया. यह जीत भारत के लिए खास है.

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की. ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने 99 रनों की साझाेदारी की जिसमें शेफाली ने 29 गेंदों में 48 रन बनाए. उनके आउट होने के बाद स्मृति मंधाना ने पारी को संभाला. उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 79 रन बनाए. इस दौरान स्मृति ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 11,000 रन भी पूरे किए, जो उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि रही.


रिचा घोष ने आखिरी ओवरों में मचाया धमाल:

स्मृति के आउट होने के बाद रिचा घोष ने तेजी से रन बनाकर भारतीय पारी को और मजबूत किया. उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 49 रन की शानदार पारी खेली. रिचा की तेज बल्लेबाजी की मदद से भारत ने पहली पारी में 216 रन बनाए. यह एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बताया गया है.

भारतीय स्पिनर्स के सामने श्रीलंका पस्त:

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. शेफाली वर्मा ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 3 रन देकर 2 विकेट लिए. वहीं, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने 3-3 विकेट हासिल किए. श्रेयंका पाटिल को भी एक विकेट मिला.

श्रीलंका को नहीं बचा सकीं चमारी अटापट्टू:

श्रीलंका की पूरी उम्मीद कप्तान चमारी अटापट्टू पर टिकी थी. उन्होंने 21 गेंदों में 29 रन बनाए, लेकिन दीप्ति शर्मा ने उन्हें आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. उनके आउट होने के बाद श्रीलंका की पारी जल्दी सिमट गई और भारतीय टीम ने 147 रन से फाइनल जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए एक यादगार जीत रही, जिसमें बल्लेबाजों के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई.