कौन हैं टीम इंडिया के नए पेसर अशोक शर्मा? जानें गांव से निकलकर टीम में जगह बनाने तक का शानदार सफर

राजस्थान के छोटे से गांव से निकलकर भारतीय टीम तक पहुंचे तेज गेंदबाज अशोक शर्मा अब जिम्बाब्वे दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के करीब हैं. घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन ने उन्हें टीम इंडिया का टिकट दिलाया.

@CricCrazyJohns
Kuldeep Sharma

भारतीय क्रिकेट को एक और तेज रफ्तार गेंदबाज मिल गया है. राजस्थान के किसान परिवार से आने वाले अशोक शर्मा ने संघर्ष, मेहनत और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई है. जिम्बाब्वे दौरा उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की नई शुरुआत साबित हो सकता है.

गांव से टीम इंडिया तक का सफर

अशोक शर्मा का जन्म राजस्थान के जयपुर के पास स्थित रामपुरा गांव में हुआ, जहां क्रिकेट की सुविधाएं बेहद सीमित थीं. उनके पिता खेती करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि दोनों बेटों के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाया जा सके. ऐसे में बड़े भाई अक्षय शर्मा ने अपना क्रिकेट छोड़कर अशोक का सपना पूरा करने का फैसला किया. जिला स्तर तक क्रिकेट खेल चुके अक्षय ने अपने छोटे भाई को हर संभव सहयोग दिया. अशोक कई बार कह चुके हैं कि यदि उनके भाई का त्याग नहीं होता, तो वह आज इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाते.

घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में चमके

अशोक ने 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मैचों में 22 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया. लगातार 150 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार ने चयनकर्ताओं और आईपीएल फ्रेंचाइजी का ध्यान उनकी ओर खींचा. इसके बाद गुजरात टाइटंस ने उन्हें आईपीएल 2026 की नीलामी में 90 लाख रुपये में खरीदा. टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने 154.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड बनाया और छह मुकाबलों में छह विकेट भी हासिल किए.


रणजी ट्रॉफी ने बदली पहचान

अशोक शर्मा का सबसे चर्चित प्रदर्शन रणजी ट्रॉफी में मुंबई के खिलाफ देखने को मिला. राजस्थान के लिए खेलते हुए उन्होंने अजिंक्य रहाणे, सरफराज खान और सिद्धेश लाड जैसे अनुभवी बल्लेबाजों को आउट कर अपनी क्षमता का परिचय दिया. उन्होंने बताया कि रहाणे के खिलाफ गेंदबाजी की रणनीति पहले से तय थी और उसी योजना पर अमल करते हुए सफलता मिली. इस स्पेल के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर एक उभरते हुए तेज गेंदबाज के रूप में पहचान मिली.

अब नजर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किए गए अशोक शर्मा अब अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं. उनकी गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकत तेज रफ्तार के साथ सटीक हार्ड लेंथ मानी जाती है. वह बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाकर विकेट निकालने में भरोसा रखते हैं. अशोक दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन को अपना आदर्श मानते हैं और उनकी आक्रामक शैली से प्रेरणा लेते हैं. अब सभी की नजर इस युवा तेज गेंदबाज पर होगी कि वह टीम इंडिया के लिए अपने पहले मौके को किस तरह यादगार बनाते हैं.