menu-icon
India Daily

IPL 2026: अभिषेक शर्मा के तूफान में उड़े कैपिटल्स, हैदराबाद ने दिल्ली को 47 रनों से दी करारी शिकस्त

सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
IPL 2026: अभिषेक शर्मा के तूफान में उड़े कैपिटल्स, हैदराबाद ने दिल्ली को 47 रनों से दी करारी शिकस्त
Courtesy: X

SRH VS DC: IPL 2026 के 31वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स  को 47 रनों से हरा दिया. अभिषेक शर्मा (नाबाद 135*) के आतिशी शतक और ईशान मलिंगा के 4 विकेट की बदौलत हैदराबाद ने 20 ओवर में 242/2 का विशाल स्कोर बनाया. जवाब में दिल्ली की टीम 195/9 रन ही बना सकी.

अभिषेक शर्मा ने बल्ले से मचाई तबाही

विशाल स्कोर की नींव हैदराबाद के ओपनर्स ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने रखी. दोनों ने क्रीज पर आते ही ताबड़तोड़ शॉट्स खेलना शुरू कर दिया और पावरप्ले (6 ओवर) में ही स्कोर बोर्ड पर बिना नुकसान के 67 रन टांग दिए. 9वें ओवर में अक्षर पटेल ने हेड (37 रन) को आउट कर दिल्ली को पहली सफलता दिलाई, लेकिन इसके बाद मैदान पर अभिषेक शर्मा नाम का तूफान आया.

अभिषेक ने महज 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और दिल्ली के गेंदबाजों की बेरहमी से कुटाई करते हुए केवल 47 गेंदों में अपना तूफानी शतक पूरा कर लिया. वह 68 गेंदों में 135 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे. अपनी इस खूंखार पारी में उन्होंने 10 गगनचुंबी छक्के और 10 शानदार चौके लगाए, जिससे हैदराबाद का स्कोर 2 विकेट पर 242 रन तक पहुंच गया.

ईशान मलिंगा के आगे पस्त हुए दिल्ली के दिग्गज

243 रनों के असंभव से लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत झटकों से भरी रही. तीसरे ही ओवर में पथुम निसांका अपना विकेट गंवा बैठे. इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने पारी को संभालने की भरपूर कोशिश की और एक अच्छी साझेदारी बुनी. लेकिन 10वें ओवर में राहुल (37 रन) के आउट होते ही दिल्ली की उम्मीदें टूटने लगीं.

इसके बाद गेंदबाजी करने आए ईशान मलिंगा ने अपनी धारदार गेंदों से दिल्ली की कमर ही तोड़ दी. मलिंगा ने सेट बल्लेबाज नीतीश राणा और खतरनाक फिनिशर डेविड मिलर को बैक-टू-बैक आउट कर दिल्ली को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया. मलिंगा ने अपने कोटे में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 अहम विकेट चटकाए.

हैदराबाद की लंबी छलांग

इस धमाकेदार जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद ने अंक तालिका  में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है. हैदराबाद की टीम अब राजस्थान रॉयल्स को पछाड़कर 7 मैचों में 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हो गई है. वहीं, इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स पांचवें पायदान पर खिसक गई है. फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में पंजाब किंग्स की टीम 11 अंकों के साथ नंबर वन की कुर्सी पर विराजमान है.

Topics