Yuva Agniveer Samvad Live: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज 17 जुलाई 2026 को दोपहर 12:30 बजे से कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे. इस दौरान अग्निवीर योजना, युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास, सेना में भर्ती से जुड़े अवसरों समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री अपने विचार साझा कर रहे हैं. इस कार्यक्रम में सरकार के प्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए. देहरादून में आयोजित 'युवा अग्निवीर संवाद' कार्यक्रम से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए जुड़े रहें इस लाइव ब्लॉग से.
01:29:54 PM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की गई है. उन्होंने कहा कि यह फैसला सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और समान कानून की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उनके अनुसार, सरकार ने कई बड़े और ऐतिहासिक फैसले लेकर उत्तराखंड को सुशासन और पारदर्शिता की नई पहचान दिलाने का प्रयास किया है.
01:00:22 PM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में 'बिना पर्ची, बिना खर्ची' के पारदर्शी तरीके से रिकॉर्ड सरकारी भर्तियां की गई हैं. उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां नकल विरोधी कानून लागू किया गया. इस कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई हो रही है, जबकि पहले ऐसा नहीं होता था.
12:58:39 PM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड आज विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा, रोजगार, बुनियादी ढांचे और युवाओं से जुड़े कई कार्यों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाया है. प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
12:53:38 PM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने अनुशासन की सीख अपने पूज्य पिता से पाई, जो सेना की महार रेजिमेंट में सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने कहा कि सेना का मूल मंत्र हमेशा 'खुद से पहले देश और दूसरों को रखना' होता है. अपने संबोधन में उन्होंने भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत को भी याद किया और उनके नेतृत्व व सैन्य योगदान को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया.
12:49:24 PM
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने सरकार के काम और भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है. इसी विश्वास के बल पर सरकार युवाओं, सैनिकों और राज्य के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है.
12:35:27 PM
'युवा अग्निवीर संवाद' में इस बार चर्चा का मुख्य विषय अग्निवीरों का भविष्य रहेगा. यूथ फाउंडेशन के अनुसार, नए साल से अपनी सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों के लिए केंद्र और उत्तराखंड सरकार की योजनाओं, रोजगार के अवसरों और पुनर्वास से जुड़े विषयों पर विस्तार से संवाद होगा.
12:23:39 PM
देहरादून में आयोजित 'युवा अग्निवीर संवाद' कार्यक्रम का आयोजन यूथ फाउंडेशन ने किया है, जो अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए निशुल्क प्रशिक्षण शिविर संचालित करता है. यूथ फाउंडेशन के प्रमुख कर्नल (रि.) अजय कोठियाल के अनुसार, उत्तराखंड में अगस्त से अग्निवीर भर्ती अभियान फिर शुरू होने जा रहा है. इसी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं.
12:15:47 PM
देहरादून में आयोजित 'युवा अग्निवीर संवाद' कार्यक्रम से जुड़े हर बड़े अपडेट यहां पढ़ें. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज दोपहर 12:30 बजे युवाओं को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम से जुड़े सभी अहम बयान, घोषणाएं और पल-पल की ताजा जानकारी इस लाइव ब्लॉग में सबसे पहले मिलेगी.