US Israel Iran War T20 World Cup 2026

गर्मियों में क्यों बढ़ जाता है किडनी स्टोन का खतरा? आपकी ये एक गलती पड़ सकती है भारी

गर्मी के दिनों में किडनी स्टोन की समस्या बढ़ जाती है. ऐसा क्यों होता है और इससे बचने के लिए हमें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, यह जानने के लिए यहां दिए गए पूरे लेख को जरूर पढ़ें.

X (@CuriosityonX)
Shanu Sharma

गर्मी शुरू होते ही किडनी स्टोन की समस्या बढ़ने लग जाती है. डॉक्टरों के मुताबिक हर साल मई-जून में ऐसे मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होती है. इसके पीछे मुख्य कारण शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन होता है. इस मौसम में कुछ गलतियों से बचने की सलाह दी जाती है, नहीं तो यह एक बड़ी मुसीबत बन सकती है.

गर्मी के दिनों में शरीर से काफी पसीना आता है. ऐसे में अगर पानी कम पिया जाए तो पेशाब गाढ़ा हो जाता है. पेशाब में मौजूद कैल्शियम, ऑक्सलेट और यूरिक एसिड जैसे तत्व क्रिस्टल बनाते हैं. यही क्रिस्टल धीरे-धीरे पथरी में बदल जाते हैं, जिसकी वजह से यह समस्या काफी ज्यादा बढ़ जाती है. 

क्यों बढ़ जाता है किडनी स्टोन का खतरा?

डिहाइड्रेशन 

अगर आप गर्मी के दिनों में पानी कम पी रहे हैं तो यह आपके लिए बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है. गर्मी में पानी कम पीने से पेशाब कम बनता है, जिसके कारण मिनरल्स जमा हो जाते हैं और यह पथरी का रुप ले लेता है.

ज्यादा नमक और जंक फूड

गर्मी के दिनों में बहुत सोच-समझ कर खाना चाहिए. फास्ट फूड, प्रोसेस्ड खाना और ज्यादा नमक से कैल्शियम बढ़ सकता है. जिसके कारण पथरी का जोखिम बढ़ जाता है.

ऑक्सलेट युक्त भोजन 

गर्मी के दिनों में पालक, चाय, चॉकलेट, कुछ नट्स ज्यादा खाने से खतरा बढ़ सकता है. इसलिए हेल्दी के साथ-साथ मौसम को ध्यान में रखते हुए खाना खाएं. 

व्यायाम सबसे जरूरी

स्वस्थ जीवन के लिए व्यायाम सबसे जरूरी है. चाहे आप किसी भी उम्र में हो, बैठे रहने से मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है. ऐसे में पथरी बनने की संभावना बढ़त जाती है. इसलिए समय से व्यायाम करना जरूरी है. 

किडनी स्टोन के प्रमुख लक्षण

किडनी में पथरी होने के कुछ खास लक्षण होते हैं. जिसे समय रहते अगर ध्यान दिया जाए तो आपकी समस्या कम हो सकती है. पथरी होने पर कमर या पेट के एक तरफ तेज दर्द होता है. इसके अलावा पेशाब में जलन, खून आना, बार-बार पेशाब लगना, मतली या उल्टी की भी समस्या देखने को मिलती है. इसके अलावा कभी-कभी बुखार भी आ जाता है. ऐसे में तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए. इससे बचने के लिए सबसे बड़ा तरीका यही है कि शरीर को हाइड्रेटेड रखें. हर दिन 3 लीटर पानी जरूर पिएं. इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी और छाछ पीना फायदेमंद होता है.