हवा में चलने का एहसास! तेलंगाना में बन रहा है हार्ट शेप ग्लास ब्रिज; दिल का आकार खीचेंगा नए टूरिस्ट
तेलंगाना के सिद्दिपेट में बन रहा हार्ट शेप ग्लास ब्रिज जल्द ही नया टूरिस्ट हॉटस्पॉट बनने वाला है. झील के ऊपर बने इस पुल पर चलना हवा में चलने जैसा रोमांच होगा और यह जगह सेल्फी और घूमने के लिए खास बन रही है.
अगर आप किसी ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां रोमांच और खूबसूरती एक साथ मिले तो अब आपको ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है. तेलंगाना में एक ऐसा प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है जो आपको हवा में चलने जैसा अनुभव देने वाला है. सिद्दिपेट जिले का यह खास ग्लास ब्रिज अपनी अनोखी डिजाइन और शानदार लोकेशन को लेकर पहले ही चर्चा में आ चुका है.
सिद्दिपेट जिले के हुस्नाबाद में स्थित एल्लम्मा चेरुवु झील के ऊपर यह हार्ट शेप ग्लास ब्रिज बनाया जा रहा है. करीब 150 मीटर लंबा यह पुल दूर से ही पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है. इसकी डिजाइन इसे बाकी ब्रिज से अलग बनाती है और इसे एक रोमांटिक टूरिस्ट स्पॉट के रूप में भी देखा जा रहा है.
पारदर्शी कांच देगा अनोखा अनुभव
इस ब्रिज की सबसे बड़ी खासियत इसका मल्टी लेयर पारदर्शी ग्लास है. जब आप इस पर चलेंगे तो आपके पैरों के नीचे करीब 20 फीट गहराई में झील का पानी साफ दिखाई देगा. यह अनुभव रोमांच और डर दोनों को अनुभव एक साथ देता है. खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल किया गया कांच काफी मजबूत है जो एक साथ कई लोगों का वजन संभाल सकता है.
Also Read
यह प्रोजेक्ट सिर्फ घूमने के लिए नहीं बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए मौके भी लेकर आ रहा है. ब्रिज के आसपास फूड कोर्ट बच्चों के लिए पार्क और बोटिंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं. इससे छोटे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को सीधा फायदा मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.
हैदराबाद से पहुंचने का आसान रास्ता
हैदराबाद से यह जगह करीब 100 किलोमीटर दूर है. आप यहां 2 से 2.5 घंटे की ड्राइव में आसानी से पहुंच सकते हैं. सड़क नेटवर्क में हुए सुधार के कारण सफर अब और भी आरामदायक हो गया है. यह जगह वीकेंड ट्रिप के लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है. हार्ट शेप डिजाइन की वजह से यह ब्रिज खास तौर पर कपल्स और सोशल मीडिया यूजर्स को आकर्षित करेगा.
शाम के समय जब झील पर सूरज की रोशनी और ब्रिज की लाइट्स एक साथ नजर आएंगी तो यहां का दृश्य बेहद खूबसूरत हो जाएगा. प्री वेडिंग शूट और रील्स बनाने वालों के लिए यह जगह पहली पसंद बन सकती है.