इंडियन को सुबह में स्नान पंसद, जबकि चीन-जापान में रात में नहाते हैं लोग, जानें क्या है इसके पीछे की थ्योरी
भारत में सुबह नहाने की परंपरा हजारों साल पुरानी है और इसे सेहत व शुद्धता से जोड़ा जाता है. वहीं जापान, चीन और कोरिया जैसे देशों में लोग रात को नहाना पसंद करते हैं ताकि दिन भर की थकान और गंदगी दूर हो सके.
नई दिल्ली: भारत में सुबह नहाने की परंपरा बहुत पुरानी है. हजारों सालों से लोग दिन की शुरुआत स्नान से करते आए हैं. धार्मिक और सांस्कृतिक ग्रंथों में भी सुबह स्नान को शारीरिक और मानसिक शुद्धि का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है. वेदों और कई प्राचीन शास्त्रों में बताया गया है कि सुबह नहाने से शरीर और मन दोनों शुद्ध होते हैं. यही वजह है कि भारत में लोग दिन की शुरुआत स्नान से करना शुभ मानते हैं. सुबह नहाने से शरीर तरोताजा महसूस करता है और दिन भर काम करने की ऊर्जा मिलती है.
दुनिया के अलग अलग देशों में नहाने का समय अलग होता है. अमेरिका, यूरोप और कनाडा जैसे कई पश्चिमी देशों में भी लोग सुबह नहाना पसंद करते हैं क्योंकि इससे दिन की शुरुआत ताजगी के साथ होती है. लेकिन एशिया के कई देशों जैसे जापान, कोरिया और चीन में लोग अक्सर रात को नहाते हैं. वहां यह आदत लंबे समय से चली आ रही है और इसे आराम और बेहतर नींद से जोड़ा जाता है.
जापान में रात को नहाने की परंपरा
जापान में रात को नहाना जीवनशैली का अहम हिस्सा माना जाता है. लंबे और तनाव भरे काम के बाद लोग सोने से पहले नहाकर खुद को रिलैक्स करते हैं. इससे मांसपेशियों को आराम मिलता है और दिमाग भी शांत होता है. जापानी संस्कृति में नहाना सिर्फ सफाई का तरीका नहीं बल्कि एक तरह का आराम और मानसिक शांति पाने का माध्यम भी माना जाता है.
चीन और कोरिया में भी रात को नहाने का चलन
चीन और कोरिया में भी रात को नहाना आम बात है. दिन भर काम करने के बाद लोग रात को नहाकर शरीर से पसीना, धूल और बैक्टीरिया साफ करते हैं. इससे शरीर हल्का महसूस करता है और नींद भी बेहतर आती है. खासकर गर्म और नमी वाले मौसम में रात को नहाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है क्योंकि इससे दिन भर की गंदगी साफ हो जाती है.
रात में नहाने के फायदे
- रात में नहाने के कई फायदे बताए जाते हैं.
- यह शरीर और दिमाग को शांत करता है जिससे नींद की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है.
- गर्म पानी से नहाने से मांसपेशियों को आराम मिलता है और दिन भर की थकान कम होती है.
- इसके अलावा शरीर पर जमा पसीना, धूल और प्रदूषण भी साफ हो जाता है जिससे त्वचा स्वस्थ रहती है.
सुबह नहाने के भी हैं कई फायदे
- हालांकि सुबह नहाना भी उतना ही फायदेमंद माना जाता है.
- सुबह स्नान करने से शरीर में ऊर्जा आती है और नींद की सुस्ती खत्म हो जाती है.
- यह दिन की शुरुआत को ताजगी से भर देता है और मानसिक रूप से सक्रिय महसूस कराने में मदद करता है.
- जो लोग रात में ज्यादा पसीना बहाते हैं उनके लिए सुबह नहाना ज्यादा जरूरी माना जाता है.
और पढ़ें
- दुबई में फंसे लोगों के लिए मसीहा बने सोनू सूद, यूएस-ईरान जंग के बीच बढ़ाया मदद का हाथ; Video
- रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा के वेडिंग रिसेप्शन में क्यों नंगे पैर पहुंचा ये एक्टर?
- 'ना हम खुश रहेंगे, ना तुझे रहने देंगे.' , इंटरकास्ट मैरिज करने वाले यूट्यूबर का परिवार ने किया टॉर्चर, रो-रोकर सुनाई आपबीती