देश के अधिकतर राज्यों में इस समय प्रचंड गर्मी का कहर जारी है. खासतौर पर उत्तर भारत में गर्मी ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में तापमान 44 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से इस महीने कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिए गए हैं. ऐसी स्थिति में हम आज भी कई छोटी-छोटी गलतियां कर रहे हैं, जो कभी भी आपके लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं. तो चलिए जानते हैं क्या है वे गलतियां, जिसे अभी के समय में भूल कर भी नहीं करनी चाहिए.
आमतौर पर सभी लोग ये गलती करते हैं. जब तक प्यास महसूस नहीं होती तब तक पानी नहीं पीते हैं. ऐसे में आपके शरीर में पानी कम जाता और लू लगने की संभावना बढ़ जाती है. भरपूर मात्रा में पानी पिएं और साथ में नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ या घरेलू इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक्स को भी अपनी दिनचर्या में शामिल करें. इसके अलावा अगर आपको चाय या कॉफी पीने की आदत है तो इसे कुछ दिनों के लिए छोड़ दें.
कई लोग गर्मी से ठंडक पाने के लिए सॉफ्ट ड्रिंक का सहारा लेते हैं, ऐसा करने से बचें. इससे आपको गैस की समस्या हो सकती है और डिहाइड्रेशन बढ़ सकता है. इसकी जगह पर छाछ, लस्सी और मिल्क शेक पीएं. अभी के समय में किसी भी काम के लिए दोपहर के समय में घर से बाहर ना निकलें. अगर कुछ ज्यादा जरूरी हो तो साथ में एक पानी का बोतल जरूर रखें और ढीले-सूती कपड़े पहन कर ही निकलें.
अपने सेहत पर ध्यान दें. अगर चक्कर आए, सिरदर्द या बुखार की समस्या हो तो तुरंत आराम करें. ऐसी स्थिति में बाहर ना निकलें और समस्या बढ़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें. अपने साथ-साथ बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें. अपने पेट्स को अकेले घर में ना छोड़ें, ऐसा करने से उनकी मुसीबत बढ़ सकती है. इसके अलावा अगर आप बाहर खाना खाने के शौकीन हैं, तो अभी कुछ दिनों के लिए इस शौक को खत्म कर दें. मसालेदार, तेलयुक्त और भारी भोजन शरीर को और गर्म करता है तथा पचने में मुश्किल होता है. घर के अंदर भी लू का खतरा रहता है, इसलिए दोपहर के समय में खिड़की-दरवाजों को बंद कर के रखें.