US Israel Iran War

एग फ्रीजिंग का बढ़ा ट्रेंड, जानें कितने साल तक महिलाएं रख सकती हैं सेफ और कितना आता है खर्च

एग फ्रीजिंग एक मेडिकल तकनीक है जिसमें महिलाओं के एग्स को फ्रीज करके भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जाता है. भारत में इसकी लागत लगभग 50 हजार से 1.5 लाख रुपये तक हो सकती है. जबकि स्टोरेज के लिए अलग से सालाना फीस देनी पड़ती है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: आजकल कई महिलाएं भविष्य में मां बनने का प्लान बनाती हैं लेकिन हर किसी के लिए सही समय एक जैसा नहीं होता. कभी-कभी सही पार्टनर न मिलना, करियर पर ध्यान देना, जिंदगी के दूसरे लक्ष्य पूरे करना या कोई मेडिकल कंडीशन तुरंत मां बनना नामुमकिन बना देती है. ऐसे में एग फ्रीजिंग यानी भविष्य के लिए एग्स को बचाकर रखना एक ऑप्शन के तौर पर सामने आया है.

एग फ्रीजिंग को मेडिकली क्रायोप्रिजर्वेशन कहा जाता है. इस प्रोसेस में एक खास टेक्निक का इस्तेमाल करके महिला के एग्स निकालकर फ्रीज किए जाते हैं, ताकि बाद में IVF के जरिए प्रेग्नेंसी हो सके. यह तरीका उन महिलाओं के लिए भी फायदेमंद हो सकता है जो कीमोथेरेपी, गंभीर एंडोमेट्रियोसिस का इलाज, जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी, या किसी ऐसी बीमारी का इलाज करवा रही हैं जो फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकती है.

कौन सी महिलाएं करवा सकती हैं एग फ्रीजिंग?

हेल्थ इन्फॉर्मेशन ऑर्गनाइजेशन हॉपकिंस मेडिसिन की एक रिपोर्ट के मुताबिक एग फ्रीजिंग हर महिला के लिए ज़रूरी या फायदेमंद नहीं है. डॉक्टर महिला की उम्र, हेल्थ और फर्टिलिटी से जुड़े कई फैक्टर्स पर विचार करते हैं. उदाहरण के लिए अगर किसी महिला को कैंसर है, तो इलाज शुरू करने से पहले यह तय करना जरूरी है कि एग फ्रीजिंग प्रोसेस पूरा करने का समय आ गया है या नहीं.

हालांकि ज्यादातर मामलों में सबसे जरूरी फैक्टर महिला की उम्र होती है. जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, एग की संख्या और क्वालिटी दोनों कम हो जाती है. महिलाओं को आमतौर पर 45 से 55 साल की उम्र के बीच मेनोपॉज होता है और एग बनना बंद हो जाता है. 

क्या है एक्सपर्ट्स की राय?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक 37 साल की उम्र के बाद एग की संख्या तेजी से कम होने लगती है और 43 साल की उम्र तक लगभग 90 परसेंट एग प्रेग्नेंसी के लिए सही नहीं रहते हैं. इसलिए 40 साल की उम्र से पहले एग फ्रीजिंग करवाना बेहतर माना जाता है.

भारत में इसका कितना खर्च आता है?

रिपोर्ट के मुताबिक भारत में एग फ्रीजिंग का खर्च शहर और क्लिनिक के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है. आमतौर पर एग्स निकालने और फ्रीज करने के प्रोसेस में 50,000 से 1.5 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है. इसके अलावा एग्स को स्टोर करने के लिए हर साल लगभग 5,000 से 15,000 रुपये की फीस ली जाती है.

एग कितने समय तक के लिए कराया जा सकता है फ्रीज?

रिपोर्ट के मुताबिक मॉडर्न टेक्नोलॉजी एग को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की सुविधा देती है. कई एक्सपर्ट्स का मानना ​​है कि सही तरीके से फ्रोजन किए गए एग्स को कई सालों तक सुरक्षित रखा जा सकता है और कुछ देशों में तो इन्हें 55 साल तक स्टोर करने की इजाजत देने पर भी चर्चा हो रही है. साइंटिस्ट्स को ऐसे मामलों में भी सफलता मिली है जहां 10 से 14 साल तक फ्रोजन एग्स से प्रेग्नेंसी मुमकिन हुई.

Disclaimer: यहां दी गई सभी जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. theindiadaily.com इन मान्यताओं और जानकारियों की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह ले लें.