menu-icon
India Daily

बिना पैसे खर्च किए ऊनी कपड़ों पर जमे रोएं होंगे मिनटों में गायब, बस अपनाएं ये घरेलू टिप्स

ऊनी कपड़ों पर रोएं निकलने की समस्या सर्दियों में आम होती है. पांच आसान देसी तरीके कपड़ों को नुकसान पहुंचाए बिना उन्हें साफ और नया जैसा बनाते हैं.

auth-image
Edited By: Km Jaya
Woolen clothes India daily
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: सर्दियों के मौसम में ऊनी कपड़ों से रोएं निकलने की समस्या बहुत आम है. कई बार महंगे स्वेटर, शॉल और जैकेट भी कुछ ही बार पहनने या धोने के बाद पुराने दिखने लगते हैं. इन पर जमा हुए रोएं न सिर्फ कपड़ों की खूबसूरती कम करते हैं बल्कि पूरे पहनावे का लुक भी खराब कर देते हैं. लोग अक्सर इस समस्या को हल करने के लिए लिंट रिमूवर खरीदने की सोचते हैं लेकिन अब इसकी जरूरत नहीं है.

पहला और सबसे आसान तरीका टेप का है. इसके लिए सिर्फ एक साधारण टेप की जरूरत होती है. टेप का एक टुकड़ा काटकर उसे उंगलियों पर चिपचिपी तरफ बाहर रखते हुए लपेट लें. फिर इसे रोएं वाले हिस्से पर हल्के से चिपकाएं और तुरंत खींच लें. टेप की पकड़ कपड़ों पर जमा रोएं को आसानी से खींच लेती है. इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएं जब तक कपड़ा साफ न हो जाए.

दूसरा तरीका:

दूसरा तरीका सफेद सिरका इस्तेमाल करने का है. ऊनी कपड़े धोते समय वॉशिंग मशीन के आखिरी रिंस साइकिल में एक कप सफेद सिरका डाल दें. सिरका कपड़ों के रेशों को मुलायम बनाता है और डिटर्जेंट के बचे हुए हिस्सों को हटाने में मदद करता है. इससे रोएं बनने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है और कपड़े लंबे समय तक साफ दिखते हैं.

तीसरा तरीका:

तीसरा तरीका कपड़ों को धोने से पहले उल्टा करने का है. जब ऊनी कपड़े उल्टे करके धुले जाते हैं तो उनका बाहरी हिस्सा मशीन में कम रगड़ खाता है. इससे रेशे टूटते नहीं हैं और कपड़े पर रोएं बनने की संभावना काफी कम हो जाती है. यह एक आसान आदत है जो कपड़ों की उम्र बढ़ाने में मदद करती है.

चौथा तरीका:

चौथा तरीका रेजर का है. इसे थोड़ा सावधानी से इस्तेमाल करना होता है. कपड़े को एक सीधी और समतल जगह पर कसकर रख दें. एक साफ और नया रेजर लें और उसे बहुत हल्के हाथ से रोएं वाली जगह पर चलाएं. यह पुराने और ज्यादा रोएं वाले कपड़ों में खास तौर पर असर दिखाता है.

पांचवां तरीका:

पांचवां तरीका कंघी का है. घर में मौजूद पतली दांतों वाली कंघी ऊनी कपड़ों से रोएं हटाने में अच्छा काम करती है. कपड़े को एक हाथ से कसकर पकड़ें और धीरे-धीरे कंघी को रोएं वाले हिस्से पर चलाएं. कंघी रोएं को अपने दांतों में फंसाकर बाहर निकाल देती है. यह तरीका मोटे बुने हुए ऊनी कपड़ों में ज्यादा बेहतर काम करता है.