लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए अच्छी खबर है. यूपी टीईटी 2026 का आवेदन आज शुक्रवार से शुरू हो गया है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने इस बार कई नए बदलाव किए हैं ताकि परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे. लाइव फोटो अपलोड, सेल्फी विकल्प और जुड़वा भाई-बहन की डिटेल मांगना इनमें शामिल है. साथ ही पहली बार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आरक्षण का लाभ भी दिया जा रहा है. इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आसानी से फॉर्म भर सकते हैं.
UPTET 2026 के लिए पंजीकरण आज 27 मार्च 2026 से शुरू होकर 26 अप्रैल 2026 तक चलेगा. अभ्यर्थियों को सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा. आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 26 अप्रैल है जबकि संशोधन और शुल्क समाधान की अंतिम तिथि 1 मई 2026 रखी गई है. परीक्षा दो, तीन और चार जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थी केवल www.upessc.up.gov.in वेबसाइट के जरिए ही आवेदन कर सकते हैं.
इस बार आयोग ने फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. सभी अभ्यर्थियों को लाइव फोटो अपलोड करनी होगी. सेल्फी भी मान्य होगी. मोबाइल क्यूआर कोड स्कैन करके भी लाइव फोटो अपलोड की जा सकती है. साथ ही अभ्यर्थियों को बताना होगा कि उनका कोई जुड़वा भाई या बहन है या नहीं. यदि हां तो जुड़वा का नाम, लिंग, आधार विवरण और परीक्षा में शामिल होने की जानकारी देनी होगी. यह डेटा सत्यापन के लिए जरूरी है.
यूपी टीईटी 2026 में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) को पहली बार आरक्षण का लाभ दिया जाएगा. अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 60 प्रतिशत यानी 150 में से 90 अंक लाने होंगे. जबकि EWS, OBC, SC और ST वर्ग के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत यानी 82 अंक पर्याप्त होंगे. यह बदलाव शिक्षक बनने की राह को और अधिक समावेशी बनाने की दिशा में माना जा रहा है.
आवेदन के समय आधार कार्ड, 10वीं-12वीं और ग्रेजुएशन की मार्कशीट, ट्रेनिंग प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू), पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर तैयार रखें. एक पेपर के लिए सामान्य/OBC/EWS को 1000 रुपये, SC/ST को 500 रुपये और दिव्यांग को 300 रुपये शुल्क देना होगा. दोनों पेपर के लिए शुल्क दोगुना है. पेमेंट आईसीआईसीआई बैंक या एसबीआई ई-पे के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है.
अगर आवेदन के दौरान कोई तकनीकी दिक्कत आए तो गूगल क्रोम ब्राउजर इस्तेमाल करें और कैश-कुकीज क्लियर करें. फिर भी समस्या बनी रहे तो [email protected] पर संपर्क करें. पोर्टल मोबाइल फ्रेंडली है लेकिन डेस्कटॉप से आवेदन बेहतर रहता है. कुछ शिक्षक संगठनों ने फीस बढ़ोतरी पर आपत्ति जताई है और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है.