menu-icon
India Daily

Inspiring Journey: बचपन में उठा पिता का साया, मां ने मजदूरी कर प्रातिक को बनाया अफसर

जिंदगी की सबसे बड़ी मुश्किलों के बीच भी कुछ लोग हार मानने के बजाय इतिहास रच देते हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Inspiring Journey: बचपन में उठा पिता का साया, मां ने मजदूरी कर प्रातिक को बनाया अफसर
Courtesy: @IMA_IndianArmy

Katkar Pratik Sandip Inspiring Journey: किसी बच्चे के लिए छोटी उम्र में पिता को खोना जिंदगी का सबसे बड़ा दुख हो सकता है. जिस उम्र में बच्चों को परिवार के सहारे की जरूरत होती है, उस उम्र में प्रातिक संदीप कटकर ने अपने पिता को खो दिया. महाराष्ट्र के सतारा में रहने वाले प्रातिक उस समय पांचवीं कक्षा में पढ़ते थे. महज 10 साल की उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार पर मुश्किलों का पहाड़ टूट पड़ा.

मां ने मेहनत से भरी उड़ान, बेटे ने छात्रवृत्ति से बनाई राह

प्रातिक की मां ने अलग-अलग जगहों पर काम करके परिवार चलाया. आर्थिक मुश्किलों के बावजूद उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. दूसरी तरफ प्रातिक ने भी मेहनत को अपना हथियार बनाया. उन्होंने पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन किया और एमटीएस, एनएमएमएस समेत कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्तियां हासिल कीं.

10वीं के बाद SPI में मिला सेना की तैयारी का मौका

दसवीं कक्षा में शानदार प्रदर्शन के बाद प्रातिक का दाखिला एसपीआई, छत्रपति संभाजीनगर में हुआ. यहां से उनके सेना में अधिकारी बनने के सपने को नई दिशा मिली. आर्थिक चुनौतियों के बीच भी उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण पर पूरा ध्यान बनाए रखा.

NDA परीक्षा में 317वीं रैंक हासिल कर रचा इतिहास

प्रातिक ने यूपीएससी की एनडीए एवं नौसेना अकादमी परीक्षा (II), 2021 में हिस्सा लिया. लिखित परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने एसएसबी चयन प्रक्रिया में भी सफलता हासिल की. इसके बाद अंतिम मेरिट सूची में 1800 में से 785 अंक प्राप्त कर 317वीं रैंक हासिल की. यह उपलब्धि उनके वर्षों के परिश्रम का बड़ा परिणाम थी.

NDA से IMA देहरादून तक तय किया कामयाबी का सफर

चयन के बाद प्रातिक ने एनडीए में तीन साल तक सैन्य और शैक्षणिक प्रशिक्षण लिया. वर्ष 2025 में वह एनडीए के 148वें नियमित कोर्स से पासआउट हुए. इसके बाद जुलाई 2025 में उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून के 158वें नियमित कोर्स में प्रवेश लिया. यहां उन्होंने भारतीय थल सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त किया.

मां के संघर्ष ने बेटे को बनाया देश का गौरव

प्रातिक की कहानी सिर्फ एक युवा की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि उस मां के त्याग और हौसले की मिसाल भी है, जिसने मुश्किल हालात में अपने बच्चों का भविष्य संवारा. जिस बेटे ने बचपन में पिता को खोया, उसने मां के संघर्ष को अपनी ताकत बनाया. आज उनकी उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं.