UGC NET Answer Key 2026: इंतजार खत्म! आज जारी होगी आंसर की, ऐसे चेक करें अपना स्कोर

यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा में शामिल लाखों उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) आज 16 अगस्त को प्रोविजनल आंसर की और रिस्पॉन्स शीट जारी करेगी.

Pinterest
Reepu Kumari

UGC NET Answer Key 2026: यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) आज प्रोविजनल आंसर की जारी करेगी, जिसके बाद उम्मीदवार अपने रिकॉर्ड किए गए उत्तरों का मिलान कर सकेंगे. इसके साथ ही रिस्पॉन्स शीट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे संभावित स्कोर का अनुमान लगाना आसान होगा.

यह आंसर की जून सत्र की परीक्षा के लिए जारी की जा रही है, जो 22, 23, 24, 25, 29 और 30 जून को देशभर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी. वहीं 22 जून को जालंधर के एक केंद्र पर तकनीकी समस्या से प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 5 जुलाई को दोबारा परीक्षा कराई गई थी.

आज कैसे डाउनलोड करें UGC NET आंसर की?

आंसर की जारी होने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक यूजीसी नेट पोर्टल पर जाकर प्रोविजनल आंसर की लिंक खोल सकेंगे. लॉग इन करने के बाद वे अपनी रिस्पॉन्स शीट और आधिकारिक उत्तर डाउनलोड कर पाएंगे. इसके जरिए अपने दर्ज उत्तरों का मिलान कर संभावित अंक की गणना की जा सकती है.


कितने नंबर मिलेंगे, ऐसे करें स्कोर का अनुमान

यूजीसी नेट में प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जाते हैं, जबकि गलत उत्तर पर कोई निगेटिव मार्किंग नहीं होती. इसलिए उम्मीदवार रिस्पॉन्स शीट में सही उत्तरों की संख्या गिनकर आसानी से अपना संभावित स्कोर निकाल सकते हैं. यह केवल अनुमान होगा, अंतिम परिणाम नहीं.

गलत उत्तर पर कैसे दर्ज करें आपत्ति?

यदि किसी प्रश्न या उत्तर पर उम्मीदवार को आपत्ति है, तो NTA ऑनलाइन ऑब्जेक्शन विंडो उपलब्ध कराएगा. निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन चुनौती दर्ज करनी होगी. प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति के लिए 200 रुपये प्रोसेसिंग फीस देनी होगी. चुनौती के साथ उचित प्रमाण और तर्क देना भी अनिवार्य होगा.

आपत्ति के बाद क्या करेगी NTA?

सभी आपत्तियों की समीक्षा विशेषज्ञों की टीम करेगी. उम्मीदवारों द्वारा जमा किए गए साक्ष्यों के आधार पर विवादित उत्तरों की जांच की जाएगी. समीक्षा पूरी होने के बाद NTA अंतिम निर्णय लेगा और उसी के आधार पर फाइनल आंसर की तथा परिणाम तैयार किए जाएंगे. इस प्रक्रिया पर अलग से व्यक्तिगत सूचना नहीं भेजी जाएगी.

किन संस्थानों में मान्य हैं UGC NET स्कोर?

यूजीसी नेट योग्यता देश के कई प्रमुख विश्वविद्यालयों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है. इनमें दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU), हैदराबाद विश्वविद्यालय और इग्नू जैसे संस्थान शामिल हैं. हालांकि अंतिम पात्रता संबंधित संस्थान के नियमों पर निर्भर करेगी.

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक आंसर की पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर वायरल अनौपचारिक उत्तरों से बचें. प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद समय सीमा के भीतर ही आपत्ति दर्ज करें, क्योंकि निर्धारित अवधि के बाद किसी भी माध्यम से भेजी गई चुनौती स्वीकार नहीं की जाएगी.