SBI Recruitment 2026: बिना परीक्षा बैंक में नौकरी का मौका, 93 हजार तक सैलरी! जानें पूरी डिटेल

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के पदों पर नियमित आधार पर भर्ती निकाली है. इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है. खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी.

Pinterest
Reepu Kumari

SBI Recruitment 2026: बैंक में नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी SBI ने एक खास मौका दिया है. बैंक ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के पदों पर नियमित आधार पर भर्ती शुरू की है. आवेदन की प्रक्रिया 29 अगस्त 2026 से चल रही है. खास बात यह है कि इन पदों के लिए उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा से नहीं गुजरना होगा. ऐसे में संबंधित योग्यता और अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती काफी महत्वपूर्ण हो सकती है.

योग्यता और अनुभव का क्या है नियम

ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर JMGS-I के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन या निर्धारित फॉरेक्स और इंटरनेशनल ट्रेड से जुड़े प्रमाणपत्र जरूरी हैं. इसके साथ ट्रेड फाइनेंस प्रोसेसिंग एंड ऑपरेशंस में कम से कम एक साल का अनुभव होना चाहिए. MMGS-II पद के लिए शैक्षणिक योग्यता समान है, लेकिन इसमें तीन साल का अनुभव मांगा गया है.

उम्र सीमा में मिलेगी छूट

JMGS-I पद के लिए उम्र 21 से 30 वर्ष और MMGS-II के लिए 23 से 32 वर्ष होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में 3 से 15 वर्ष तक की छूट मिलेगी. उम्मीदवारों की आयु 31 जुलाई 2026 को आधार मानकर तय की जाएगी.


सैलरी देखकर बढ़ेगी दिलचस्पी

चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार आकर्षक वेतन मिलेगा. JMGS-I का पे स्केल 48,480 से 85,920 रुपये और MMGS-II का पे स्केल 64,820 से 93,960 रुपये है. इसके अलावा महंगाई भत्ता, एचआरए, सीसीए, प्रोविडेंट फंड, एनपीएस, एलएफसी, मेडिकल सुविधा और अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा.

नहीं होगी लिखित परीक्षा

इस भर्ती की सबसे खास बात चयन प्रक्रिया है. उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा. बैंक की शॉर्टलिस्टिंग कमेटी तय मानकों के आधार पर उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के लिए करेगी. यानी आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को सीधे इंटरव्यू का मौका नहीं मिलेगा, बल्कि पहले बैंक की शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया से गुजरना होगा.

100 अंकों के इंटरव्यू से होगा चयन

शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के लिए 100 अंकों का इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा. अंतिम मेरिट लिस्ट इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर तैयार होगी. इसलिए संबंधित क्षेत्र की योग्यता और अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू महत्वपूर्ण चरण रहेगा. बैंक में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के तौर पर करियर बनाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले अपनी पात्रता जरूर जांचनी चाहिए.