Inspiring Journey: करोड़ों की पसंदीदा Thar को डिजाइन करने वाली महिला कौन?
महिंद्रा थार के नए अवतार को आकर्षक बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली रामकृपा अनंतन की कहानी प्रेरणा देने वाली है.
Inspiring Journey: सड़कों पर जब भी महिंद्रा थार नजर आती है, तो कई लोगों की निगाहें इस दमदार एसयूवी पर टिक जाती हैं. इसकी बनावट, लुक और डिजाइन इसे दूसरी गाड़ियों से अलग पहचान देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि थार के नए अवतार को डिजाइन करने वाली टीम की अगुवाई एक महिला ने की थी? उनका नाम रामकृपा अनंतन है. उन्होंने ऑटोमोबाइल डिजाइन की दुनिया में अपनी मेहनत से खास पहचान बनाई.
BITS पिलानी से हासिल की इंजीनियरिंग की डिग्री
रामकृपा अनंतन ने साल 1992 में BITS पिलानी के पिलानी कैंपस से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान उनकी दिलचस्पी सिर्फ मशीनों की कार्यप्रणाली तक सीमित नहीं रही. वह किसी चीज की बनावट और उसके इस्तेमाल के अनुभव को भी समझना चाहती थीं. इसी रुचि ने उन्हें आगे डिजाइन की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया.
IIT बॉम्बे से सीखा इंडस्ट्रियल डिजाइन का हुनर
इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद रामकृपा ने अपनी विशेषज्ञता बढ़ाने के लिए IIT बॉम्बे के इंडस्ट्रियल डिजाइन सेंटर में दाखिला लिया. यहां उन्होंने इंडस्ट्रियल डिजाइन में मास्टर्स की पढ़ाई की और 1997 में डिग्री हासिल की. मैकेनिकल इंजीनियरिंग और डिजाइन की इस शिक्षा ने उन्हें ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार दिया.
Also Read
1997 में महिंद्रा से शुरू हुआ करियर
मास्टर्स की पढ़ाई पूरी करने के बाद रामकृपा अनंतन ने साल 1997 में महिंद्रा एंड महिंद्रा जॉइन किया. उन्होंने कंपनी में इंटीरियर डिजाइनर के तौर पर काम शुरू किया. शुरुआत में उनकी जिम्मेदारी गाड़ियों के अंदरूनी हिस्सों की बनावट और यात्रियों के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं पर ध्यान देना था. धीरे धीरे उनके अनुभव और काम ने उन्हें कंपनी में आगे बढ़ने का मौका दिया.
चीफ ऑफ डिजाइन तक पहुंचा उनका सफर
महिंद्रा में काम करते हुए रामकृपा की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती गईं. वह कंपनी की प्रमुख डिजाइन विशेषज्ञों में शामिल हो गईं. आगे चलकर उन्होंने ऑटो और फार्म इक्विपमेंट सेक्टर में चीफ ऑफ डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली. यह उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव था. इस भूमिका में उन्हें डिजाइन से जुड़े बड़े फैसलों और टीम के काम का नेतृत्व करने का अवसर मिला.
2020 की नई Thar की डिजाइन में निभाई अहम भूमिका
रामकृपा अनंतन के करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में साल 2020 में लॉन्च हुई महिंद्रा थार की दूसरी पीढ़ी शामिल है. उस समय वह कंपनी के ऑटो सेक्टर की चीफ डिजाइनर थीं. उनकी अगुवाई में महिंद्रा की इन हाउस डिजाइन टीम ने नई थार के लुक और डिजाइन पर काम किया. BITS के एलुमनाई न्यूजलेटर में रामकृपा ने बताया था कि शुरुआती डिजाइन से लेकर अंतिम रूप देने तक गाड़ी की बनावट में कई बदलाव किए गए थे.