Rajasthan JET Result 2026: SKRAU ने घोषित किया राजस्थान जेट रिजल्ट, जानें स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का प्रॉसेस
राजस्थान जेट 2026 का परिणाम घोषित हो गया है. अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपना स्कोरकार्ड और मेरिट रैंक डाउनलोड कर सकते हैं.
बीकानेर: स्वामी केश्वनंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एसकेआरएयू), बीकानेर ने राजस्थान संयुक्त प्रवेश परीक्षा (Rajasthan JET 2026), प्री पीजी और पीएचडी प्रवेश परीक्षाओं का परिणाम 29 जुलाई 2026 को घोषित कर दिया है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड की सहायता से स्कोरकार्ड, कुल प्राप्तांक और राज्य स्तरीय मेरिट रैंक देख और डाउनलोड कर सकते हैं. परिणाम जारी होने के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त हो गया है.
इस वर्ष राजस्थान के पांच प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों तथा उनसे संबद्ध सरकारी और निजी महाविद्यालयों की 3000 से अधिक सीटों पर प्रवेश के लिए कुल 37497 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. राजस्थान जेट 2026 परीक्षा का आयोजन 27 जून 2026 को पेन एंड पेपर यानी ओएमआर मोड में किया गया था. इसके बाद 1 जुलाई को प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी की गई और अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गईं. सभी आपत्तियों की समीक्षा के बाद 21 जुलाई 2026 को अंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई, जिसके आधार पर अंतिम परिणाम घोषित किया गया है.
किन-किन पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश?
राजस्थान जेट के माध्यम से सफल अभ्यर्थियों को बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर, बीएससी ऑनर्स हॉर्टिकल्चर, फॉरेस्ट्री, बीएफएससी, बीएससी कम्युनिटी साइंस, फूड न्यूट्रिशन तथा बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी और फूड टेक्नोलॉजी जैसे स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलेगा. वहीं प्री पीजी और पीएचडी परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को कृषि और संबद्ध विषयों के स्नातकोत्तर तथा शोध कार्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा.
Also Read
- एनटीए में सरकारी नौकरी का शानदार अवसर, 4 जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती; जानें कौन कर सकता है आवेदन
- उत्तराखंड में बाघों की सुरक्षा का नया प्लान, अब अग्निवीर संभालेंगे टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स की कमान
- Japan Osouji Model: न क्लीनर, न सफाई कर्मचारी... फिर भी चमकते रहते हैं जापान के स्कूल; जानिए राज
स्कोरकार्ड कैसे करें डाउनलोड?
अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद होमपेज पर दिए गए कैंडिडेट लॉगिन विकल्प पर क्लिक करें. अब अपनी रजिस्टर्ड यूजर आईडी या एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें. लॉगिन करने के बाद स्क्रीन पर स्कोरकार्ड और मेरिट रैंक दिखाई देगी. इसे डाउनलोड करके भविष्य की काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है.
रिजल्ट जारी होने के बाद अब विश्वविद्यालय जल्द ही ऑनलाइन काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा. संभावना है कि अगस्त 2026 के पहले सप्ताह से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे दसवीं और बारहवीं की अंकतालिका, जेट स्कोरकार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें. विश्वविद्यालय ने यह भी बताया है कि जेट 2026 का रिकॉर्ड अंतिम ऑनलाइन काउंसलिंग की तिथि से 90 दिनों तक उपलब्ध रहेगा.