Microsoft के 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर, जानें छंटनी से कैसे है अलग स्वैच्छिक एग्जिट पैकेज

माइक्रोसॉफ्ट ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में अपने पात्र कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक एग्जिट पैकेज पेश किया है. इस योजना के दायरे में करीब 60 हजार कर्मचारी आ सकते हैं.

Pinterest
Reepu Kumari

नौकरी जाने का डर किसी भी कर्मचारी के लिए चिंता की बात होती है. ऐसे में जब दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट अपने हजारों कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का विकल्प देती है, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर कंपनी ऐसा क्यों कर रही है? माइक्रोसॉफ्ट ने भारत समेत चार देशों में स्वैच्छिक एग्जिट पैकेज की पेशकश की है.  हालांकि, इस खबर का मतलब यह नहीं है कि कंपनी इन सभी कर्मचारियों को नौकरी से निकालने जा रही है. 

भारत समेत चार देशों में मिलेगा नौकरी छोड़ने का विकल्प

माइक्रोसॉफ्ट की यह योजना भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में लागू होगी. इसके तहत चुनिंदा टीमों में लेवल 70 और उससे नीचे के पात्र कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया जाएगा. यह सीमित समय के लिए शुरू किया गया कार्यक्रम है. कंपनी के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को प्रस्ताव की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. हालांकि, इस योजना का लाभ हर कर्मचारी को नहीं मिलेगा.

इन विभागों के कर्मचारी हो सकते हैं शामिल

खबरों के मुताबिक, इस योजना में AI एक्सपीरियंस, Copilot, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्सेज, Xbox और Windows + Devices जैसी टीमें शामिल हो सकती हैं. वहीं, मार्केटिंग, कमर्शियल बिजनेस और सिक्योरिटी टीमों को इससे बाहर रखा गया है. कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे मेमो में बताया कि यह प्रस्ताव उन लोगों को नया विकल्प देता है, जो कंपनी से बाहर अपना भविष्य तलाशना चाहते हैं.


एग्जिट पैकेज और टर्मिनेशन में क्या है अंतर?

स्वैच्छिक एग्जिट पैकेज में कर्मचारी योजना की शर्तों के अनुसार खुद नौकरी छोड़ने का विकल्प चुन सकता है. इसके विपरीत, टर्मिनेशन में कंपनी कर्मचारी की नौकरी समाप्त करने का फैसला लेती है. एग्जिट पैकेज के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं कंपनी की तय शर्तों पर निर्भर करती हैं. माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि इस कार्यक्रम को पहले की स्वैच्छिक रिटायरमेंट योजना से मिले अनुभव के आधार पर तैयार किया गया है.

AI पर 175 अरब डॉलर खर्च करेगी कंपनी

माइक्रोसॉफ्ट ने कैलेंडर वर्ष 2026 के लिए 175 अरब डॉलर के पूंजीगत खर्च का अनुमान जताया है. इस रकम का बड़ा हिस्सा AI से जुड़े बुनियादी ढांचे, डेटा सेंटर और अत्याधुनिक चिप्स पर खर्च होने की तैयारी है. माइक्रोसॉफ्ट पहले भी कर्मचारियों की संख्या घटाने के कदम उठा चुकी है. खबर के मुताबिक, कंपनी ने अमेरिका में करीब 9,000 कर्मचारियों के दायरे वाली स्वैच्छिक बायआउट योजना की घोषणा की थी