IBPS Clerk Result 2025: बैंकिंग क्षेत्र में 15,701 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, यहां देखें अपना स्कोर और सैलरी डिटेल्स

इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सेलेक्शन (IBPS) ने क्लर्क भर्ती 2025 की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. कुल 15,701 पदों के लिए आयोजित इस परीक्षा के नतीजे आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, जहाँ उम्मीदवार कटऑफ और अलॉटमेंट की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया. इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सेलेक्शन (IBPS) ने क्लर्क कैडर (CRP CLERKS-XV) की मुख्य परीक्षा 2025 के परिणामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है. इस भर्ती अभियान के जरिए देश भर के विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में क्लर्क के कुल 15,701 रिक्त पदों को भरा जाएगा. जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा में भाग लिया था, वे अब आईबीपीएस की आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाकर अपना क्वालिफाइंग स्टेटस चेक कर सकते हैं.

आईबीपीएस ने रिजल्ट के साथ-साथ राज्यवार और श्रेणीवार कटऑफ भी जारी कर दी है. गौरतलब है कि मुख्य परीक्षा का सफल आयोजन पिछले वर्ष 29 नवंबर और 2 दिसंबर को किया गया था. जो उम्मीदवार अपनी श्रेणी के निर्धारित कटऑफ अंकों को प्राप्त करने में सफल रहे हैं, उन्हें उनकी मेरिट और आवेदन के समय दी गई वरीयता के आधार पर बैंकों का अस्थायी आवंटन किया जाएगा. इसके बाद, संबंधित बैंकों द्वारा दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

रिजल्ट चेक करने के आसान चरण 

उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन कर अपना परिणाम देख सकते हैं:

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाएं.
  • होम पेज पर 'CRP Clerical' लिंक दिखेगा, इसपर क्लिक करें.
  • इसके बाद 'Result Status of Online Main Examination for CRP Clerks XV' के लिंक का चयन करें.
  • अपना पंजीकरण नंबर/रोल नंबर और पासवर्ड/जन्मतिथि दर्ज कर लॉग इन करें.
  • स्क्रीन पर प्रदर्शित कैप्चा कोड भरें और सबमिट करें.
  • आपका परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा; भविष्य के संदर्भ के लिए इसका प्रिंट-आउट अवश्य ले लें.

आकर्षक सैलरी पैकेज और भत्ते 

चयनित उम्मीदवारों को मिलने वाली सैलरी बैंकिंग क्षेत्र की सबसे बड़ी खूबियों में से एक है. एक आईबीपीएस क्लर्क की शुरुआती बेसिक सैलरी ₹24,050 प्रति माह होती है. इसके अलावा, महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), विशेष भत्ता और परिवहन भत्ता जैसे लाभ भी मिलते हैं. पोस्टिंग के स्थान के आधार पर, एक नए क्लर्क की कुल 'इन-हैंड' सैलरी आमतौर पर 39,000 से 43,000 रूपये प्रति माह के बीच होती है.