T20 World Cup 2026

CTET फरवरी 2026 के लिए रजिस्ट्रेश की विंडो खुली, इस लिंक से करें अप्लाई, यहां जानें पूरी प्रक्रिया

सीबीएसई ने सीटीईटी फरवरी 2026 की पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है. उम्मीदवार 18 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं. फोटो और सिग्नेचर अपलोड के लिए बोर्ड ने स्पष्ट डिजिटल मानक जारी किए हैं, जिनका पालन अनिवार्य है.

social media
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) फरवरी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है. सीबीएसई ने ctet.nic.in पर रजिस्ट्रेशन लिंक जारी कर दिया है, जहां अभ्यर्थी 18 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. 

परीक्षा 8 फरवरी 2026 को दो सत्रों में आयोजित होगी. सीटीईटी उन उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य पात्रता परीक्षा है, जो कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने के इच्छुक हैं. आवेदन फॉर्म में फोटो और सिग्नेचर अपलोड से जुड़े नियम इस बार और सख्त किए गए हैं.

18 दिसंबर तक मौका

सीबीएसई ने सीटीईटी फरवरी 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन विंडो खोल दी है. इच्छुक उम्मीदवार ctet.nic.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 18 दिसंबर निर्धारित की गई है. परीक्षा 8 फरवरी को दो पालियों में होगी सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक. यह परीक्षा केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए आवश्यक है.

फोटो अपलोड के लिए तय किए गए सख्त नियम

ऑनलाइन आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को हाल ही में ली गई पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करनी होगी. फोटो केवल JPG या JPEG फॉर्मेट में स्वीकार की जाएगी. इसका आकार 10 KB से 100 KB के बीच होना चाहिए. फोटो के आयाम 3.5 सेमी चौड़ाई और 4.5 सेमी ऊंचाई के निर्धारित किए गए हैं. गलत आकार या धुंधली फोटो होने पर आवेदन अस्वीकार हो सकता है.

सिग्नेचर अपलोड में सावधानी जरूरी

सिग्नेचर अपलोड करने के लिए भी कुछ तय मानक रखे गए हैं. हस्ताक्षर साफ और काले या नीले पेन से किए गए होने चाहिए. फाइल का आकार 3 KB से 30 KB के बीच होना चाहिए. सिग्नेचर की चौड़ाई 3.5 सेमी और ऊंचाई 1.5 सेमी निर्धारित की गई है. यदि सिग्नेचर अस्पष्ट हुआ तो आवेदन मान्य नहीं माना जाएगा.

कौन दे सकता है सीटीईटी परीक्षा

सीटीईटी परीक्षा में दो पेपर होते हैं, जिनमें पहला पेपर कक्षा 1 से 5 के लिए शिक्षक बनने वालों के लिए है, जबकि दूसरा पेपर कक्षा 6 से 8 के लिए पात्रता देता है. अभ्यर्थी अपनी योग्यता के मुताबिक एक या दोनों पेपर दे सकते हैं. यह परीक्षा केंद्र सरकार के अलावा कई राज्यों और निजी संस्थानों में भी शिक्षक भर्ती के लिए मान्य होती है.

वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देश और अपडेट

सीबीएसई ने फोटो और सिग्नेचर से जुड़ी गाइडलाइंस के अलावा अन्य महत्वपूर्ण निर्देश भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराए हैं. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले पूरा नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ें. किसी भी तकनीकी समस्या से बचने के लिए आखिरी तारीख का इंतजार न करें. सीटीईटी से जुड़ी हर नई जानकारी ctet.nic.in पर समय-समय पर अपडेट की जा रही है.