बिहार असिस्टेंट प्रोफेसर रिजल्ट जारी, राजनीति विज्ञान में सबसे ज्यादा उम्मीदवार चयनित; यहां करें चेक
बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में कॉन्ट्रैक्ट आधारित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है.
Bihar Assistant Professor Result 2026: बिहार में उच्च शिक्षा संस्थानों में नियुक्ति का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने 211 नए डिग्री कॉलेजों में कॉन्ट्रैक्ट आधारित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. आयोग ने छह विषयों की चयन सूची के साथ श्रेणीवार कटऑफ अंक भी जारी किए हैं. यह चयन अभ्यर्थियों के शैक्षणिक अंकों और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के संयुक्त मेरिट के आधार पर किया गया है. जारी परिणाम में हिंदी विषय ने सबसे अधिक कटऑफ दर्ज कर सभी विषयों को पीछे छोड़ दिया है. इसके साथ ही आयोग ने रिक्त पदों और होल्ड पर रखी गई सीटों की जानकारी भी साझा की है.
हिंदी विषय का रहा सबसे ऊंचा कटऑफ
सामान्य (अनारक्षित) वर्ग में हिंदी विषय का कटऑफ सबसे अधिक 81.3 अंक रहा. इसके बाद राजनीति विज्ञान का कटऑफ 79.2, इतिहास का 78.7, समाजशास्त्र का 78.3, अर्थशास्त्र का 76.6 और अंग्रेजी का 76.5 अंक दर्ज किया गया. यह कटऑफ शैक्षणिक प्रदर्शन और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई अंतिम मेरिट सूची से तय हुआ है.
इन विषयों में सबसे ज्यादा अभ्यर्थियों का चयन
आयोग की ओर से जारी सूची के अनुसार राजनीति विज्ञान में सबसे अधिक 422 उम्मीदवारों का चयन किया गया है. इसके बाद हिंदी और इतिहास में 418-418 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया. अर्थशास्त्र में 411, समाजशास्त्र में 409 और अंग्रेजी में 373 उम्मीदवारों ने अंतिम चयन सूची में जगह बनाई है.
Also Read
- रेलवे ग्रुप D अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर! परीक्षा तिथि बदली, एडमिट कार्ड और 2 ID को लेकर आया नया नियम
- Indian Army JAG Recruitment 2026: भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सुनहरा मौका, लॉ ग्रेजुएट्स के लिए निकली भर्ती; जानें कैसे करें आवेदन
- Rajasthan JET Result 2026: SKRAU ने घोषित किया राजस्थान जेट रिजल्ट, जानें स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का प्रॉसेस
सभी आरक्षित वर्गों का कटऑफ भी जारी
आयोग ने सामान्य वर्ग के अलावा ईडब्ल्यूएस, बीसी, ईबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग विषयवार कटऑफ जारी किए हैं. हर विषय और श्रेणी के लिए चयन अंक अलग निर्धारित किए गए हैं, ताकि अभ्यर्थी अपनी श्रेणी के अनुसार चयन स्थिति और कटऑफ की जानकारी प्राप्त कर सकें.
कुछ पद अभी भी नहीं हो सके भर
परिणाम के साथ आयोग ने बताया कि समाजशास्त्र विषय में ईडब्ल्यूएस, बीसी-1 और दिव्यांग (डीडी) श्रेणी का एक-एक पद फिलहाल होल्ड पर रखा गया है. वहीं एसटी श्रेणी का एक पद योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण रिक्त रह गया. दिव्यांग श्रेणी में डीडी के छह और बीआई के तीन पद भी नहीं भरे जा सके.
इन कारणों से भी खाली रह गईं सीटें
आयोग के अनुसार अंग्रेजी में 9, अर्थशास्त्र में 11, समाजशास्त्र में 10 और हिंदी में 4 पद विभिन्न कारणों से रिक्त रह गए हैं. आयोग ने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों ने विज्ञापन और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी नहीं की, उनकी उम्मीदवारी निरस्त कर दी गई. ऐसे पदों पर चयन प्रक्रिया नियमों के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी.