नेपाल बाढ़ में बह गई महिला, परिवार ने पुतला बनाकर कर दिया अंतिम संस्कार! अब 11 दिन बाद आई मलबे से आवाज

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद तबाही का मंजर जारी है, लेकिन इसी बीच नुवाकोट से सामने आई एक घटना ने उम्मीद जगा दी है. बाढ़ में लापता हुई चंडिका श्रेष्ठा को 11वें दिन मलबे में दबे घर से जिंदा बाहर निकाला गया.

X (NepalPoliceHQ)
Shanu Sharma

नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई. इसी दौरान नुवाकोट के बेत्रावती इलाके में एक घर बाढ़ और मलबे की चपेट में आ गया. इसी घर में चंडिका श्रेष्ठा भी फंस गई थीं. करीब 10 दिन तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी.

परिवार और रिश्तेदारों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने चंडिका के जिंदा होने की उम्मीद लगभग छोड़ दी. आठवें दिन परिवार ने उनकी मौत मानकर धार्मिक रस्में भी शुरू कर दी थीं. उनके शरीर की जगह कुश घास से प्रतीकात्मक पुतला बनाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई.

मलबे से आई हल्की आवाज और बदल गई कहानी

आपदा के 11वें दिन अचानक लोगों को चमत्कार दिखा. नेपाल के बेत्रावती में राहत और सड़क निर्माण से जुड़ी टीम इलाके में काम कर रही थी. इसी दौरान सुरक्षा बलों को मलबे में दबे एक घर के पास से हल्की आवाज सुनाई दी. जवानों ने आवाज की दिशा में मलबा हटाना शुरू किया. काफी मेहनत के बाद टीम ने घर की एक खिडकी तक पहुंच बनाई और वहां से अंदर जाने का रास्ता बनाया. इसके बाद चंडिका को बेहद कमजोर और अर्धचेतन अवस्था में बाहर निकाला गया. नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल की नौ सदस्यीय टीम ने यह बचाव अभियान चलाया.


बाढ़ के पानी ने घर को काफी दूर खिसका दिया

बचाव दल के मुताबिक बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि पूरा घर अपनी जगह से करीब 100 मीटर तक खिसक गया था. घर की निचली करीब साढे तीन मंजिलें मिट्टी और मलबे में दब गई थीं. ऊपर का कुछ हिस्सा ही दिखाई दे रहा था. इसी हिस्से में चंडिका फंसी हुई थीं. रेस्क्यू के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से पहले त्रिशूली स्थित नेपाली सेना के अस्पताल ले जाया गया. शुरुआती इलाज के बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया.

चंडिका के परिवार के लिए यह खबर किसी चमत्कार से कम नहीं थी. जिस महिला को परिवार मृत मान चुका था, उसी को अचानक जिंदा बचाए जाने की सूचना मिली. उनके रिश्तेदार तुरंत अस्पताल पहुंचे. वहां चंडिका को देखकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.