Bangladesh Protest: बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना गुरुवार को आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों से हुए नुकसान को देखने के लिए मीरपुर के मेट्रो स्टेशन पर पहुंची. इस दौरान मेट्रो स्टेशन पर हुई तोड़फोड़ को देखकर वह अपने आंसू ना रोक सकीं. शेख हसीना अपने आंसुओं को टिशू पेपर की मदद से पोछती नजर आईं. मेट्रो स्टेशन की हालत देखकर उन्होंने कहा कि आम लोगों की भलाई और सुविधा के लिए बनाई गई व्यवस्था को भला कोई कैसे नुकसान पहुंचा सकता है?
मीरपुर-10 मेट्रो स्टेशन की हालत देखकर हसीना ने कहा कि यह कौन सी मानसिकता है जो ऐसे काम कराती है? पीएम हसीना ने आगे कहा कि पहले ढाका शहर जाम से परेशान रहता था. मेट्रो बनने के बाद लोगों को जाम की समस्या से राहत मिली थी. इसे लोगों ने बर्बाद कर दिया. मैं यह कतई बर्दाश्त नहीं कर सकती.
शेख हसीना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लोगों का गुस्सा और भड़क गया. शेख हसीना की रोते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस तस्वीर को लेकर उन्हें खासा ट्रोल किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा शेख हसीना घड़ियाली आंसू बहा रही हैं. लोगों ने लिखा कि पीएम ने प्रदर्शन में मारे गए लोगों के प्रति इतना दुख जाहिर नहीं किया जितना वे मेट्रो स्टेशन के नुकसान पर जता रही हैं. लोगों ने पूछा कि पीएम हसीना ने स्टूडेंट्स की मौत पर क्यों आंसू नहीं बहाए?
बांग्लादेश में पिछले एक माह से आरक्षण के विरोध में यूनिवर्सिटी छात्रों के द्वारा देश भर में हिंसक विरोध प्रदर्शन किये जा रहे थे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई जगह पर आगजनी और तोड़फोड़ की थी. पुलिस के दौरान हुई तोड़फोड़ में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी.
मीरपुर-10 मेट्रो स्टेशन बांग्लादेश का सबसे बिजी और आधुनिक मेट्रो स्टेशन था. अब यह बंद किया जा चुका है. प्रदर्शनकारियों ने इस स्टेशन को गंभीर तरह से नुकसान पहुंचाया था. मेट्रो स्टेशन की वेंडिंग मशीन और सिग्नल कंट्रोलिंग स्टेशन को नुकसान पहुंचा है. मेट्रो स्टेशन को शुरू होने में कितना समय लगेगा यह जानने में भी दो हफ्ते लग जाएंगे.