menu-icon
India Daily

क्या ईरान को लेकर कल कुछ बड़ा ऐलान करने जा रहे ट्रंप? व्हाइट हाउस ने रहस्यमयी वीडियो जारी कर दिए संकेत

व्हाइट हाउस के रहस्यमयी सोशल मीडिया पोस्ट ने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है. वीडियो, पिक्सल इमेज और छिपे संदेशों के बीच लोग बड़े ऐलान की उम्मीद कर रहे हैं.

Anuj
Edited By: Anuj
क्या ईरान को लेकर कल कुछ बड़ा ऐलान करने जा रहे ट्रंप? व्हाइट हाउस ने रहस्यमयी वीडियो जारी कर दिए संकेत

नई दिल्ली: अमेरिका में इन दिनों व्हाइट हाउस के कुछ अजीब और रहस्यमयी सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. इन पोस्ट में धुंधले वीडियो, पिक्सल से ढकी तस्वीरें और छिपे हुए ऑडियो क्लिप शामिल हैं, जिनके कारण लोगों में जिज्ञासा बढ़ गई है.

इंटरनेट यूजर्स इन संकेतों को जोड़कर यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर आने वाले समय में क्या बड़ा ऐलान हो सकता है. इन पोस्ट की टाइमिंग और उनका अंदाज दोनों ही कई सवाल खड़े कर रहे हैं.

मोबाइल से शूट किया गया दृश्य

सबसे पहले एक वीडियो सामने आया, जिसमें मोबाइल से शूट किया गया हिलता-डुलता दृश्य दिखता है. वीडियो में एक महिला की आवाज सुनाई देती है, जो पूछती है कि क्या यह जल्द लॉन्च होने वाला है. जवाब में एक पुरुष की आवाज सुनाई देती है, जिसमें 'हां' सुनाई देता है. इसके बाद एक और वीडियो आया, जिसमें शुरुआत काली स्क्रीन से होती है और फिर व्हाइट हाउस का स्केच दिखाई देता है. कई लोगों का दावा है कि ऑडियो को उल्टा चलाने पर 'कल बड़ा ऐलान' जैसा संदेश सुनाई देता है. 

पिक्सल तस्वीरों ने बढ़ाया सस्पेंस

वीडियो के साथ तीन धुंधली और पिक्सल वाली तस्वीरें भी शेयर की गई. इनमें से दो में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और तीसरी में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस होने की संभावना जताई जा रही है. ये तस्वीरें इतनी अस्पष्ट हैं कि स्पष्ट पहचान करना मुश्किल है, लेकिन यही रहस्य लोगों को और आकर्षित कर रहा है. इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर भी ये पोस्ट तेजी से वायरल हुए और लाखों लोगों ने अपनी-अपनी थ्योरी पेश की.

अमेरिका-ईरान में तनाव

इन पोस्ट का समय भी बेहद अहम माना जा रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है. हाल ही में ट्रंप ने ईरान पर संभावित हमले को टालने की बात कही थी, साथ ही बातचीत की संभावना का भी जिक्र किया था. हालांकि, ईरान ने किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया है. ऐसे माहौल में ये रहस्यमयी पोस्ट और ज्यादा गंभीर हो जाते हैं और इनके पीछे किसी बड़े फैसले की आशंका जताई जा रही है.

बड़े बदलाव का संकेत?

इन सभी घटनाओं को जोड़कर देखा जाए तो यह स्पष्ट होता है कि यह कोई सामान्य सोशल मीडिया गतिविधि नहीं है. जानबूझकर बनाए गए ये संकेत लोगों का ध्यान खींचने के लिए हैं. यह किसी कूटनीतिक घोषणा, सैन्य रणनीति या किसी नई नीति की ओर इशारा हो सकता है. फिलहाल सच्चाई क्या है, यह आने वाले समय में ही साफ होगा. लेकिन इतना तय है कि इन पोस्ट ने वैश्विक स्तर पर उत्सुकता और चिंता दोनों बढ़ा दी है.