अमेरिका में 11 हजार से ज्यादा फ्लाइट प्रभावित, हटाया गया ग्राउंड स्टॉप; जानें आखिर क्यों ठप हुआ एयर ट्रैफिक सिस्टम?

अमेरिका में हवाई यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत की खबर है. देशभर के एयरपोर्ट पर लगाया गया फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप शुक्रवार को हटा दिया गया.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: अमेरिका में हवाई यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत की खबर है. देशभर के एयरपोर्ट पर लगाया गया फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप शुक्रवार को हटा दिया गया. हालांकि, इस तकनीकी खराबी के कारण 11 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं. कई फ्लाइट रद्द करनी पड़ीं, जबकि सैकड़ों विमानों का रास्ता बदलना पड़ा.

यह जनवरी 2023 के बाद पहली बार हुआ, जब अमेरिका में देशव्यापी स्तर पर सभी उड़ानों को रोकना पड़ा. 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह सबसे लंबा देशव्यापी फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप बताया जा रहा है.

क्यों ठप हुआ अमेरिका का एयर ट्रैफिक सिस्टम?

अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी के मुताबिक, इस परेशानी की मुख्य वजह देश का पुराना एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम था. यह सिस्टम पुराने एनालॉग तकनीक पर काम करता है. इसमें अचानक बहुत ज्यादा डेटा आने से राउटर पर दबाव बढ़ गया और जानकारी मिलने में गड़बड़ी होने लगी. स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा के लिए सिस्टम बंद करने का फैसला लिया. इसके बाद देशभर में उड़ानों पर रोक लगा दी गई.


क्या साइबर अटैक की वजह से हुआ आउटेज?

अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव मार्कवेन मुलिन ने साफ किया कि अभी तक इस तकनीकी खराबी के पीछे किसी साइबर हमले का सबूत नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के सिस्टम में घुसने के संकेत नहीं मिले हैं. हालांकि, अधिकारियों ने यह भी कहा कि जांच अभी जारी है और साइबर हमले की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है.

फ्लाइट शुरू होने के बाद भी यात्रियों की परेशानी जारी:

ग्राउंड स्टॉप हटने के बाद भी एयरलाइंस का काम तुरंत सामान्य होना मुश्किल है. इसकी वजह यह है कि कई विमान और उनके क्रू अपने तय स्थान पर नहीं हैं. ऐसे में उड़ानों के समय और संचालन को दोबारा व्यवस्थित करने में समय लग सकता है.