Bob Blackman In Uk Parliament: 6-7 मई की रात भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित 9 आतंकी लॉन्चपैड्स पर सटीक हमले किए. इस सैन्य कार्रवाई ने आतंकवादियों को सीधा संदेश दिया कि भारत अब किसी भी हमले का जवाब सख्ती से देगा.
ब्रिटेन की संसद में कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने इन हमलों की सराहना करते हुए यूके के विदेश सचिव से आग्रह किया कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से सभी आतंकी ठिकानों को हटाने के लिए की जा रही कोशिशों पर संसद को जानकारी दी जाए. बॉब ब्लैकमैन ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, 'कोई भी देश ऐसा बर्दाश्त नहीं कर सकता कि उसकी सरहदों के पार से आतंकवाद फैलाया जाए.'
भारत की इस कार्रवाई से घबराए पाकिस्तान ने तुर्की निर्मित ड्रोन और चीन से मिले मिसाइलों से भारत के 15 शहरों को निशाना बनाया. हालांकि अधिकतर हमलों को भारत ने सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया. इसके बाद भारत ने दोबारा सटीक और समन्वित हमलों में लाहौर, रावलपिंडी जैसे बड़े पाकिस्तानी शहरों के एयरबेस को नष्ट कर दिया.
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत को वैश्विक मंचों पर भी समर्थन मिला. अमेरिका और ब्रिटेन जैसे बड़े देशों ने पहली बार परंपरागत 'तनाव कम करो' की बात न कर भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया.
Following the horrific terror attack in Pahalgam, India launched Operation Sindoor: precision air-strikes on 9 terrorist bases.
— Bob Blackman (@BobBlackman) May 14, 2025
As peace talks continue, I asked what steps the Foreign Secretary is taking to ensure the terrorist bases are removed from Pakistan-occupied Kashmir? pic.twitter.com/qvtnwe5g03
भारत की यह सैन्य कार्रवाई न केवल आतंकियों को सीधी चेतावनी है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने पाकिस्तान के आतंकवाद पोषक चेहरे को भी उजागर करने वाला ठोस कदम साबित हुआ है.