menu-icon
India Daily

बट लिफ्ट सर्जरी के दौरान महिला की मौत, दिल और दिमाग तक पहुंचा कॉस्मेटिक फिलर; जांच में चौंकाने वाले खुलासे

ब्रिटेन में बट लिफ्ट कॉस्मेटिक प्रक्रिया के दौरान 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई. जांच रिपोर्ट में महिला के दिल, दिमाग और फेफड़ों में फिलर के अंश मिले हैं. 

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
बट लिफ्ट सर्जरी के दौरान महिला की मौत, दिल और दिमाग तक पहुंचा कॉस्मेटिक फिलर; जांच में चौंकाने वाले खुलासे
Courtesy: Facebook/Alice Webb

ब्रिटेन में ब्राजीलियन बट लिफ्ट (BBL) कॉस्मेटिक प्रक्रिया के दौरान 33 वर्षीय महिला एलिस वेब की मौत के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. जांच के दौरान पता चला कि प्रक्रिया में इस्तेमाल किया गया फिलर उनके दिल, फेफड़ों, दिमाग और किडनी तक पहुंच गया था. महिला की सर्जरी जॉर्डन पार्के नाम के व्यक्ति ने की थी, जिसे 'लिप किंग' के नाम से जाना जाता था.

ग्लॉस्टरशायर के वॉटन-अंडर-एज की रहने वाली एलिस पेशे से ब्यूटीशियन थीं. सितंबर 2024 में ग्लॉस्टर स्थित एक ब्यूटी सैलून में उनकी कॉस्मेटिक प्रक्रिया की जा रही थी. इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें ग्लॉस्टरशायर रॉयल अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन तड़के उनकी मौत हो गई.

तय मात्रा से सात गुना ज्यादा लगाया गया फिलर

मामले की सुनवाई के दौरान जूरी को बताया गया कि पार्के ने एलिस के शरीर में उतना फिलर इस्तेमाल किया, जितना उसे सिखाया गया था, उससे करीब सात गुना अधिक था. एलिस की भाभी मॉर्गन टाउनसेंड ने अदालत को बताया कि उन्होंने इस प्रक्रिया के लिए 2,300 पाउंड (करीब 2.5 लाख रुपये) दिए थे. मॉर्गन के मुताबिक, एलिस ने प्रक्रिया के दौरान उन्हें एक तस्वीर भेजी थी. इसमें इस्तेमाल हो रही फिलर की मात्रा देखकर वह हैरान रह गई थीं. एलिस के शरीर में करीब 1,400 मिलीलीटर फिलर और काफी मात्रा में लोकल एनेस्थीसिया का इस्तेमाल किया गया था. एलिस ने संदेश में लिखा था कि प्रक्रिया बेहद दर्दनाक है.

दिल और दिमाग तक पहुंचा हायलूरोनिक एसिड

ब्रिटेन के गृह मंत्रालय के फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. स्टीफन लीडबीटर ने अदालत को बताया कि एलिस के फेफड़ों, दिमाग, दिल, किडनी और थायरॉयड ग्रंथि में हायलूरोनिक एसिड आधारित जेल जैसा फिलर मिला था. उनके अनुसार, प्रक्रिया के दौरान किसी रक्त वाहिका को नुकसान पहुंचने से फिलर खून के प्रवाह के साथ शरीर के दूसरे हिस्सों तक पहुंच सकता है.

आरोपी के पास नहीं थी मेडिकल डिग्री

मामले की जांच करने वाले पुलिस अधिकारी डीआई एडम स्टेसी ने बताया कि पार्के के पास कोई मेडिकल योग्यता नहीं थी. हालांकि, उसके साथ काम कर चुके एक डॉक्टर ने उसे प्रत्येक नितंब में 100 मिलीलीटर फिलर इस्तेमाल करने की सलाह दी थी. स्टेसी के मुताबिक, ब्रिटेन में BBL प्रक्रिया के लिए कोई औपचारिक प्रशिक्षण व्यवस्था नहीं थी. इस क्षेत्र में तकनीक एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचती थी. पार्के को सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण ग्रेटर मैनचेस्टर के सैलफोर्ड और वेस्ट मिडलैंड्स के डडली में ऐसी प्रक्रियाएं करने से प्रतिबंधित भी किया गया था.

पुलिस को लापरवाही से मौत का मामला होने का भरोसा

पुलिस ने अदालत को बताया कि पार्के के खिलाफ गंभीर लापरवाही के कारण मौत (Gross Negligence Manslaughter) का मामला बनाने के लिए पर्याप्त आधार मौजूद थे. जांच अधिकारियों को कई अन्य ग्राहक भी मिले थे, जिन्हें पार्के की सेवाओं के बाद नकारात्मक अनुभव हुए थे. पुलिस के अनुसार, अधिकारियों की पार्के से दोबारा पूछताछ करने की योजना थी, लेकिन इस साल की शुरुआत में उसकी मौत हो गई. फिलहाल उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है. मामले की सुनवाई जारी है.