गाजा के लोग खाने के लिए तरस रहे हैं. दक्षिणी शहर राफा में खाने के लिए भगदड़ मच गई. जिसमें मौके पर 3 लोगों की मौत हो गई. लगभग 46 लोग घायल हो गए हैं और 7 लोग लापता हैं. इस घटना ने गाजा में गहराते मानवीय संकट को एक बार फिर उजागर कर दिया है. अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, यह भगदड़ इजराइली सैनिकों द्वारा हवा में गोलीबारी के बाद शुरू हुई.
गाजा में लंबे समय से चल रहे संघर्ष और इजराइल द्वारा मार्च से लगाए गए पूर्ण नाकाबंदी के कारण खाद्य और अन्य आवश्यक सामग्रियों की भारी कमी हो गई है. इस संकट से निपटने के लिए गाजा में कई खाद्य सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं. मंगलवार को राफा में गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन (GHF) द्वारा संचालित एक नए सहायता केंद्र पर हजारों भूखे फिलिस्तीनी भोजन प्राप्त करने के लिए जमा हो गए. इस केंद्र को इजराइल और अमेरिका का समर्थन प्राप्त है, और इसका उद्देश्य हमास को सहायता सामग्री के दुरुपयोग से रोकना बताया गया है.
हालांकि, जैसे ही सहायता वितरण शुरू हुआ, भारी भीड़ ने केंद्र की बाड़ तोड़ दी और खाद्य सामग्री की ओर दौड़ पड़ी. इस दौरान, पास में तैनात इजराइली सैनिकों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हवा में गोलियां चलाईं, जिससे भीड़ में और अधिक अफरा-तफरी मच गई. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि टैंक और हेलीकॉप्टर से गोलियां और फ्लेयर्स दागे गए, जिसके कारण लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे.