Pakistan New Prime Minister: पाकिस्तान का प्रधानमंत्री पद संभालते ही शहबाज शरीफ ने कश्मीर को लेकर जहर उगलना शुरू कर दिया है. पाक समाचार पत्र डॉन की खबर के अनुसार, शरीफ ने रविवार को सदन का नेता चुने जाने के बाद कश्मीर और फिलिस्तीन का मुद्दा उठाया. उन्होंने कश्मीर और फिलिस्तीनी के लिए आजादी की मांग की. पाक पीएम ने कहा कि हम सब साथ आएं. नेशनल असेंबली को कश्मीरी और फिलिस्तीनी जनता के लिए आजादी के लिए प्रस्ताव पारित करना चाहिए.
शहबाज ने अपने संबोधन के दौरान सदन क नेता बनाने के लिए गठबंधन सरकार का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जब तीन बार मेरे नेता ( नवाज ) प्रधानमंत्री बने. मुल्क में तभी सच्चे अर्थों में विकास हुआ. यह आज भी बड़ा उदाहरण जिसे समझा जा सकता है. वे ऐसे नेता हैं जिन्होंने पाकिस्तान का विकास किया है. पीएमएल-एन और पीपीपी के संयुक्त उम्मीदवार शहबाज शरीफ को 336 सदस्यीय सदन में 201 वोट मिले. पीटीआई समर्थित उम्मीदवार उमर अयूब खान को 92 वोट मिले.
संसद में अपने संबोधन में शरीफ ने कहा कि यहां इतने प्रतिभाशाली लोग बैठे हैं जो पाकिस्तान को संकट के दौर से बाहर निकाल सकते हैं. उन्होंने कहा कि यदि हम एक साथ आते हैं तो मुल्क की बेहतरी का रास्ता निकल ही आएगा और इसका भाग्य बदल जाएगा. इंशाअल्लाह हम इन चुनौतियों से पार पा लेंगे.हम अपने देश को सही मुकाम पर ले जाएंगे. यह मुश्किल जरूर है लेकिन नामुमकिन कतई नहीं है.
शहबाज शरीफ ने घोषणा कि पाकिस्तान के सहयोगी देशों के नागरिकों को देश में वीजामुक्त प्रवेश दिया जाएगा. शहबाज शरीफ को विश्वास है कि उनके इस कदम से पाकिस्तान में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा. अपनी विक्ट्री स्पीच के खात्मे के दौरा उन्होंने कहा कि आज देश न्याय चाहता है. हम कड़ी मेहनत से यह परिणाम सामने लाएंगे.