menu-icon
India Daily

इजरायल-ईरान युद्ध में रूस कर रहा है खेला! जानें कैसे अमेरिका को बैकफुट में धकेला?

इजराइल-ईरान युद्ध में रूस द्वारा ईरान को दी जा रही खुफिया जानकारी ने संघर्ष को नया मोड़ दे दिया है. अमेरिकी ठिकानों पर बढ़ते सटीक हमलों और उपग्रह आधारित मदद ने वैश्विक तनाव को खतरनाक स्तर पर पहुंचा दिया है.

KanhaiyaaZee
इजरायल-ईरान युद्ध में रूस कर रहा है खेला! जानें कैसे अमेरिका को बैकफुट में धकेला?
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में इजराइल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव अब वैश्विक शक्तियों के परोक्ष शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गया है. अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हालिया खुलासे ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है. रिपोर्ट के अनुसार रूस अब ईरान को अमेरिकी सैन्य संपत्तियों की सटीक लोकेशन साझा कर रहा है. यह कदम न केवल युद्ध की दिशा बदल सकता है. बल्कि अमेरिका और रूस के बीच सीधे टकराव की आशंका को भी बढ़ा रहा है. जिससे कूटनीतिक समाधान और मुश्किल हो गया है.

युद्ध की शुरुआत में ईरान की अमेरिकी सेना को ट्रैक करने की क्षमता काफी कम थी, लेकिन रूसी खुफिया जानकारी ने इस खाई को भर दिया है. अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि रूस अब ईरान को अमेरिकी जहाजों और विमानों की वास्तविक स्थिति बता रहा है. यह ईरान के लिए एक संगठित सैन्य सहयोग जैसा है, जिससे उसकी सैन्य शक्ति को अदृश्य रूप से बड़ी मजबूती मिली है और क्षेत्र में संघर्ष का स्वरूप बदल गया है.

सटीक हमलों ने बढ़ाई अमेरिका की चिंता 

रूसी इनपुट का परिणाम युद्ध के मैदान में साफ दिखने लगा है. ईरान अब अंधाधुंध हमलों के बजाय रडार सिस्टम और कमांड कंट्रोल जैसे विशिष्ट ठिकानों को निशाना बना रहा है. कुवैत में हुए ड्रोन हमले में अमेरिकी सैनिकों की शहादत इसी बढ़ती सटीकता का परिणाम है. विशेषज्ञों का मानना है कि रूस की तकनीकी मदद के बिना ईरान के लिए इतने सटीक हमले करना लगभग असंभव था, जो अब अमेरिकी रणनीति के लिए बड़ी चुनौती है.

उपग्रह तकनीक और युद्ध की गुणवत्ता 

ईरान के पास स्वयं के उन्नत सैटेलाइट तंत्र का अभाव रहा है. लेकिन रूस ने अपने अत्याधुनिक उपग्रहों के जरिए ईरान की टारगेटिंग क्षमता को कई गुना बढ़ा दिया है. अब ईरानी मिसाइलें और ड्रोन पश्चिमी देशों के एयर डिफेंस को भेदने में सक्षम हो रहे हैं. यह न केवल सैन्य उपकरणों का सुधार है, बल्कि युद्ध के मैदान में तकनीकी श्रेष्ठता हासिल करने का एक बड़ा प्रयास है, जो रक्षा विशेषज्ञों के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

वाशिंगटन का दावा और कूटनीतिक रुख 

इतनी बड़ी चुनौतियों के बावजूद व्हाइट हाउस और पेंटागन ईरान की सैन्य शक्ति को कमतर आंक रहे हैं. वाशिंगटन का दावा है कि ईरान की नौसेना और मिसाइल क्षमताएं नष्ट हो रही हैं. हालांकि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने रूस और चीन की भूमिका को फिलहाल निर्णायक नहीं माना है. इस पूरे परिदृश्य में चीन की तटस्थता भी चर्चा का विषय है, क्योंकि रिपोर्टों में बीजिंग की ओर से किसी भी सैन्य सहायता का कोई उल्लेख नहीं मिला है.

यूक्रेन का बदला और क्षेत्रीय प्रभाव 

विशेषज्ञों का मानना है कि रूस की यह सक्रियता सीधे तौर पर यूक्रेन युद्ध का बदला है, जहां अमेरिका यूक्रेन की सैन्य मदद कर रहा है. रूस सार्वजनिक रूप से शांति की वकालत तो कर रहा है, लेकिन पर्दे के पीछे वह अमेरिकी हितों को चोट पहुंचाने के लिए ईरान का इस्तेमाल कर रहा है. यह जटिल भू-राजनीतिक खेल पूरे मध्य पूर्व को एक अनियंत्रित युद्ध की ओर धकेल सकता है, जिससे वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और शांति के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है.