menu-icon
India Daily

सऊदी अरब में मिसाइल हमले में भारतीय की मौत, भारतीय दूतावास करेगा शव भारत लाने में मदद

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला हुआ. इसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई. इसके साथ ही इस हमले में अब तक करीब 13 लोगों की जान चली गई है.

Shilpa Shrivastava
सऊदी अरब में मिसाइल हमले में भारतीय की मौत, भारतीय दूतावास करेगा शव भारत लाने में मदद
Courtesy: X

नई दिल्ली: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला हुआ. इसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई. इसके साथ ही इस हमले में अब तक करीब 13 लोगों की जान चली गई है. वहीं, 300 से ज्यादा लोग घायल हैं. भारतीय दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है. साथ ही हर संभव सहायता करने का वादा किया है.

रियाद एयरपोर्ट पर हमले से मचा हड़कंप:

बता दें कि पिछले कुछ दिनों से रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया जा रहा था. शनिवार की बात करें तो इस दिन जो हमला हुआ उसमें कई लोगों की जान चली गई थी. खबरों के अनुसार, हमले में अलग-अलग देशों के नागरिक प्रभावित हुए हैं. हमलों में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें बांग्लादेश, फिलिस्तीन, अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और सूडान के नागरिक शामिल हैं. सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है.

हैदराबाद के मोहम्मद यूसुफ अली की गई जान:

जिस भारतीय नागरिक की मौत हुई है, उसकी पहचान मोहम्मद यूसुफ अली के रूप में हुई है. इनकी पहचान हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बताई है. वहीं, इस हमले में यूसुफ अली की पत्नी और दो बच्चे भी घायल हुए हैं. 

भारतीय दूतावास करेगा शव भारत लाने में मदद:

सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताया है. साथ ही कहा है कि वो मृत्तक के परिवरा के संपर्क में है. पार्थिव शरीर को जल्द ही भारत लाने की प्रक्रिया में हर संभव मदद करेगा. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और भरोसा दिलाया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास परिवार को जरूरी सहायता उपलब्ध कराएगा.

भारत ने की हमले की कड़ी निंदा:

भारत के विदेश मंत्रालय ने रियाद एयरपोर्ट पर बार-बार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की है. मंत्रालय ने कहा कि आम नागरिकों और नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाना अस्वीकार्य है. भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपना समर्थन भी दोहराया. विदेश मंत्रालय ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. भारत ने यह भी उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी.