menu-icon
India Daily

नेपाल में बाढ़ का खौफनाक मंजर: 35 मकान बहे, पुल टूटे; रेस्क्यू जारी

नेपाल के गोरखा जिले में रविवार सुबह बूढ़ीगंडकी नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. पैयू और बगर गांवों के 35 मकान बह गए, जबकि कई मोटर और झूला पुल भी पानी की चपेट में आकर टूट गए.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
नेपाल में बाढ़ का खौफनाक मंजर: 35 मकान बहे, पुल टूटे; रेस्क्यू जारी
Courtesy: Pinterest

Nepal Flood: नेपाल के गोरखा जिले में रविवार सुबह करीब 4:35 बजे अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों को प्रभावित कर दिया. चुमनुब्री गांवपालिका में बूढ़ीगंडकी नदी का पानी बढ़ने से पैयू और बगर गांवों के 35 मकान बह गए. बाढ़ का असर आसपास के गांवों में भी देखने को मिला. कई पुल टूटने से संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई है. प्रशासन ने नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है.

गोरखा के प्रमुख जिला अधिकारी धरेन्द्र कुमार मिश्र के मुताबिक, सुबह बाढ़ आने की सूचना मिली थी. इसके बाद प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लेने के लिए नेपाली सेना का हेलीकॉप्टर भेजने की तैयारी की गई. चुमनुब्री गांवपालिका की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुङ के अनुसार, दोभान, घट्टेखोला, जगत और सल्लेरी गांवों में भारी नुकसान हुआ है. अचानक आए पानी और मलबे ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

बाढ़ में कई पुल टूटे, गांवों का संपर्क प्रभावित

बूढ़ीगंडकी नदी में बाढ़ के कारण कई अहम पुल बह गए. आरुघाट गांवपालिका के सोती और मान्बु को जोड़ने वाला मोटर पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया. चुमनुब्री गांवपालिका के न्याकचेत में न्याकचेत और सिर्दिबास को जोड़ने वाला पुराना झूला पुल भी बाढ़ की चपेट में आ गया. इसके अलावा धार्चे गांवपालिका में माछीखोला से केरौजा को जोड़ने वाला झूला पुल और सोती स्थित लोहे का पक्का पुल भी बहने की खबर है.

भूस्खलन से रुका नदी का बहाव, अचानक आई बाढ़

चुमनुब्री गांवपालिका के अध्यक्ष निमा लामा के अनुसार, इलाके में चुम्के खोला के पास भूस्खलन के कारण नदी का बहाव रुक गया था. इसके बाद अचानक पानी का प्रवाह बढ़ने से बाढ़ आ गई. बाढ़ पूर्वानुमान महाशाखा ने लोगों को सतर्क करने के लिए मोबाइल पर संदेश भेजे. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है.

छह लोगों को एयरलिफ्ट किया, बचाव दल तैनात

नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की. उन्होंने सिर्दिबास, जगत, सल्लेरी, खोलाबेसी, माछाखोला, सोती, आर्खेत और आरुघाट के निवासियों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा. प्रधानमंत्री बालेन शाह के मुताबिक, नेपाली सेना की टुकड़ियों को हवाई और जमीनी रास्तों से राहत बचाव अभियान के लिए तैनात किया गया है. भूस्खलन के खतरे वाले जगत इलाके से छह लोगों को एयरलिफ्ट किया गया. स्वास्थ्य आपातकालीन केंद्र को भी सक्रिय कर दिया गया है.