'आपदाओं के दौर में दुनिया, जल्द हालात नहीं सुधरे तो...', नीदरलैंड्स में बोले पीएम मोदी
नीदरलैंड में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय लोगों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने भारत की संस्कृति और दुनिया में बढ़ती भूमिका पर भी बात की.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड्स में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत की तरक्की, संस्कृति और दुनिया में बढ़ती भूमिका पर बात की है. उन्होंने हेग शहर में अपने भाषण के दौरान कहा- आज का भारत बड़े सपने देख रहा है और लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है. हेग को दुनिया में 'सिटी ऑफ पीस' यानी शांति के शहर के रूप में जाना जाता है.
भारत के अंतरिक्ष मिशन का किया जिक्र
पीएम मोदी ने भारत के अंतरिक्ष मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने चांद के उस हिस्से तक पहुंचकर इतिहास रचा जहां पहले कोई देश नहीं पहुंच पाया था. उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा नई तकनीक, स्टार्टअप और इनोवेशन की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन गया है. अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो इसका असर आने वाले कई वर्षों तक दुनिया को झेलना पड़ सकता है. उन्होंने वैश्विक चुनौतियों को लेकर चिंता भी जताई है.
भारतीय समुदाय की सराहना की
पीएम मोदी ने नीदरलैंड्स में रहने वाले भारतीयों की तारीफ करते हुए कहा कि वहां के नेता हमेशा भारतीय समुदाय की सराहना करते हैं. उन्होंने कहा कि भारतीयों ने नीदरलैंड्स की अर्थव्यवस्था और समाज में अहम योगदान दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि समय बदल गया है लेकिन भारतीय संस्कार, संस्कृति और अपनापन आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है. उन्होंने 16 मई को खास दिन बताते हुए कहा कि इसी दिन साल 2014 में लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे, जिससे देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया था.
डिजिटल डेवलपमेंट का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने भारत की डिजिटल और इकोनॉमिक डेवलपमेंट का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में हर दिन करोड़ों UPI ट्रांजैक्शन हो रहे हैं और देश में दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं. आज का युवा ड्रोन और नई तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहता है. पीएम मोदी ने ग्रीन हाइड्रोजन और क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में भारत और नीदरलैंड्स के सहयोग को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि जैसे नीदरलैंड्स ट्यूलिप फूल के लिए मशहूर है वैसे ही भारत कमल के लिए जाना जाता है.