मेलबर्न में PM मोदी-अल्बानीज की अहम मुलाकात, व्यापार, रक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग को मिलेगी नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ मेलबर्न में द्विपक्षीय बैठक कर व्यापार, रक्षा, शिक्षा, उभरती प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की.

ANI
Shanu Sharma

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन देशों के दौरे के दूसरे चरण में गुरुवार को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से मुलाकात की. बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया. इस दौरान दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. 

बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय अनिश्चितता, आपूर्ति श्रृंखला में बाधाओं और ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है. ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक तथा भरोसेमंद साझेदार के रूप में साथ आगे बढ़ना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है.

दोनों देशों में बीच किन मुद्दों पर बातचीत?

पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2022 में लागू आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते ने दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती दी है. इसके लागू होने के बाद भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात दोगुना हुआ है और दोनों देशों के उद्योगों को नए बाजारों तक पहुंच मिली है. दोनों नेताओं के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग, व्यापार एवं निवेश, शिक्षा, लोगों की आवाजाही तथा आपसी संपर्क बढ़ाने जैसे विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ.


प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही संकेत दिया था कि यह यात्रा उभरती प्रौद्योगिकी, खेल और खेल विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग को भी नई दिशा देगी. इस बीच ऐसी संभावना भी जताई जा रही है कि भारत को ऑस्ट्रेलिया से यूरेनियम निर्यात से जुड़ा समझौता अंतिम रूप ले सकता है. हालांकि वर्ष 2014 में दोनों देशों के बीच परमाणु सहयोग समझौता हुआ था, लेकिन यूरेनियम आपूर्ति अब तक सीमित रही है.

इंडोनेशिया के बाद पहुंचे ऑस्ट्रेलिया

मेलबर्न में आयोजित स्वागत समारोह में ऑस्ट्रेलिया-इंडिया ऑर्केस्ट्रा ने मां तुझे सलाम की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया. प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि संगीत दोनों देशों के लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है. प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया की सफल यात्रा पूरी करने के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं.

इंडोनेशिया में उन्होंने राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के साथ मुलाकात कर महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 14 समझौतों पर हस्ताक्षर किए. दोनों नेताओं ने योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर परिसर में संयुक्त संरक्षण परियोजना का भी शुभारंभ किया. ऑस्ट्रेलिया यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड रवाना होंगे.