Budget 2026

Israel Hamas War: सीजफायर की अटकलों पर बोले पीएम बेंजामिन- 'गाजा में युद्ध खत्म नहीं, लंबी चलेगी लड़ाई'

Israel Hamas War: नेतन्याहू ने सोमवार को उन मीडिया अटकलों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि उनकी सरकार गाजा में हमास के खिलाफ लड़ाई पर विराम लगा सकती है.

Shubhank Agnihotri

Israel Hamas War: इजरायल हमास जंग के अब 81 दिन पूरे हो चुके हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर हमास को पूरी तरह से नष्ट करने की कसम खाई है. नेतन्याहू ने सोमवार को उन मीडिया अटकलों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि उनकी सरकार गाजा में हमास के खिलाफ लड़ाई पर विराम लगा सकती है. बेंजामिन ने कहा कि जंग अभी रुकने वाली नहीं है. यह लंबी चलेगी. हमास के खात्मे तक इजरायली सैन्य बलों का गाजा में ऑपरेशन जारी रहेगा. 

अमेरिका और ईरान के गतिरोध का असर नहीं 

रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा में जारी संघर्ष के बीच बेंजामिन के इस बयान ने अमेरिका और ईरान के बीच व्याप्त गतिरोध के कारण वैश्विक सीजफायर के प्रयासों को खारिज कर दिया है. उत्तरी गाजा में सेना के जवानों से मिलने के बाद बेंजामिन ने कहा कि युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है. हम हमास पर सैन्य दबाव के बिना बंधियों को छुड़ाने में सक्षम नहीं होंगे. जब तक हमास खत्म नहीं हो जाता यह कार्रवाई चलती रहेगी.


हमें भी नुकसान हो रहा लेकिन हमारे पास विकल्प नहीं 

एक दिन पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि गाजा का युद्ध हमसे भारी कीमत वसूल रहा है. हमारे सैनिक लगातार अपनी जान गंवा रहे हैं. हम लड़कर ही उन्हें खत्म कर सकते हैं. इसके अलावा हमारे पास कोई अन्य विकल्प नहीं है. इजरायल अपने लक्ष्य को हासिल किये बिना पीछे नहीं हटेगा. हमास की सैन्य और राजनीतिक शक्ति को क्षीण करने के बाद ही हम रुकेंगे. 


गाजा में शांति का तीन सूत्रीय फॉर्मूला दिया 

इजरायली पीएम ने फिलिस्तीन में शांति स्थापना के लिए तीन सूत्रीय फॉर्मूला दिया है. उन्होंने कहा कि हमास को खत्म करने के अलावा दो अन्य बातें क्षेत्रीय शांति के लिए बेदह आवश्यक हैं. जिनमें हमास का खात्मा सबसे पहले है. दूसरा काम गाजा को विसैन्यीकृत करना और तीसरा काम फिलिस्तीनी समाज को कट्टरपंथ से मुक्त करना शामिल है. बेंजामिन ने कहा कि इन कामों को किये बिना गाजा में शांति की संभावना असंभव है.