US Israel Iran War

'हम उन्हें उसी तरह जवाब...', इस्लामाबाद में ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान ने भारत और अफगानिस्तान को दी 'गीदड़ भभकी'

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मंगलवार को ब्लास्ट हुआ, जिसमें कई लोगों की जान चली गई. इस घटना के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत और अफगानिस्तान को चेतावनी दी है.

@RealWahidaAFG (X)
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में इस्लामाबाद और दक्षिण वजीरिस्तान में हुए आतंकी हमलों के बाद अफगानिस्तान और भारत को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अगर कोई देश पाकिस्तान पर हमला करेगा, तो हम उसी तरह जवाब देंगे. 

आसिफ ने अफगान तालिबान पर आरोप लगाया कि वे आतंकियों को पनाह दे रहे हैं. यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान में आतंक की घटनाएं बढ़ रही हैं. बता दें कि दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद इस्लामाबाद में भी धमाका हुआ था.

इस्लामाबाद में धमाका और दहशत

मंगलवार को इस्लामाबाद के जिला अदालत परिसर के पास एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ. यह हमला दोपहर साढ़े बारह बजे के आसपास हुआ, जब अदालत में वकीलों की भीड़ थी. पुलिस के मुताबिक यह आत्मघाती हमला था. 

इसमें कम से कम 12 लोग मारे गए और 25 से ज्यादा घायल हो गए. ज्यादातर घायल वकील थे. धमाके की आवाज छह किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इससे पहले दक्षिण वजीरिस्तान के कैडेट कॉलेज वाना पर भी हमला हुआ था. 

पाकिस्तान ने दिया जवाब

रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान अफगानिस्तान के अंदर कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगा. आसिफ ने कहा, "हम कोई सैन्य कार्रवाई शुरू नहीं करेंगे लेकिन अगर कोई हमला हुआ तो हम चुप नहीं बैठेंगे. हम उसी तरह जवाब देंगे."

उन्होंने भारत और अफगानिस्तान दोनों को 'मिसएडवेंचर' करने से रोका. आसिफ ने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है. उन्होंने इसे 'युद्ध की स्थिति' बताया और कहा कि इस्लामाबाद तक हमले काबुल से सीधा संदेश हैं.

अफगानिस्तान से पुरानी दुश्मनी

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव नया नहीं है. अक्टूबर में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खोस्त और पक्तिका प्रांतों में हवाई हमले किए थे. इनमें टीटीपी के ठिकानों को निशाना बनाया गया लेकिन कई नागरिक मारे गए. 

अफगान तालिबान ने इसे संप्रभुता का उल्लंघन बताया और पाकिस्तानी राजनयिकों को निकाल दिया. पाकिस्तान का दावा है कि टीटीपी अफगान जमीन से हमले कर रहा है. मार्च में भी ऐसे हमले हो चुके हैं. डूरंड लाइन पर तनाव बढ़ता जा रहा है.