पाकिस्तान के डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ईरान युद्ध की मध्यस्थता कर रहे हैं. हालांकि इसी बीच रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान उनका कार्पेट पर से पैर फिसल गया और मुंह के बल गिर गए. यह घटना पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय में घटी. डार उस वक्त मिस्र के विदेश मंत्री बदर अब्देलअती का स्वागत कर रहे थे. तभी रेड कार्पेट पर फोटो खिंचवाने के लिए आगे बढ़ें और गिर पड़े.
इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया. उन्होंने बताया कि गिरने के कारण कंधा और पैर काफी ज्यादा दर्द कर रहा था, लेकिन मीटिंग के महत्व को समझते हुए उन्होंने दर्द की गोली खाकर बैठक पूरी की. जब रात में 9 बजे के सभी कार्यक्रम खत्म हुए तब उनका चेकअप किया गया. जिसमें कंधे में हेयरलाइन फ्रैक्चर पाया गया.
अली डार ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि कंधे में एक पतली सी दरार है. दवाओं और आराम से दर्द पर कंट्रोल है. उन्होंने सभी लोगों को शुभकामनाओं और प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद दिया. हेयरलाइन फ्रैक्चर को स्ट्रेस फ्रैक्चर भी कहा जाता है. इसमें हड्डी पूरी तरह नहीं टूटती, सिर्फ उसकी सतह पर पतली दरार पड़ जाती है. अगर इसे नजरअंदाज किया जाए तो यह बड़ा फ्रैक्चर बन जाता है.
इसको ठीक करने के लिए डॉक्टर 4 से 8 हफ्ते तक रेस्ट करने की सलाह देते हैं. इशाक डार ईरान-अमेरिका-इजरायल संघर्ष में पाकिस्तान की ओर से मुख्य मध्यस्थ हैं. पाकिस्तान खुद को न्यूट्रल बताते हुए अमेरिका और ईरान के बीच संदेशवाहक का काम कर रहा है. डार ने ही अमेरिका का 15 पॉइंट प्रस्ताव ईरान तक पहुंचाया है. दोनों देशों के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत कराने में पाकिस्तान का बड़ा योगदान है.
इस्लामाबाद में मिस्र, तुर्किये और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई. इस बैठक को इशाक डार समन्वय कर रहे थे, बैठक का मुख्य उद्देश्य ईरान युद्ध को रोकना और क्षेत्र में शांति बहाल करना था. इसके अलावा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी चर्चा की जा रही है. क्योंकि इस रास्ते के बंद होने से पूरी दुनिया पर असर पड़ा है. पाकिस्तान ने जल्द अमेरिका-ईरान सीधी वार्ता की मेजबानी करने की घोषणा की है. हालांकि पाकिस्तानी विदेशी मंत्री की इस हिम्मत की तारीफ की जा रही है. उन्होंने दर्द में होने के बाद भी जिम्मेदारी नहीं छोड़ी.