menu-icon
India Daily

पाकिस्तान ने 26 शहरों पर किया ड्रोन अटैक, एक्शन में भारत का एयर डिफेंस सिस्टम

Pakistan carried out drone attacks in 26 cities: सेना के सूत्रों ने बताया कि भारत के सीमावर्ती राज्यों और नियंत्रण रेखा पर लगभग 26 स्थानों पर ड्रोन हमले हुए.

Gyanendra Tiwari
पाकिस्तान ने 26 शहरों पर किया ड्रोन अटैक, एक्शन में भारत का एयर डिफेंस सिस्टम
Courtesy: Social Media

Pakistan carried out drone attacks in many cities: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच शुक्रवार को पाकिस्तान ने एक बार फिर उकसावे की कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के करीब 20 शहरों को ड्रोन से निशाना बनाया. सूत्रों के मुताबिक, एक ड्रोन हमला जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा स्थित एयरबेस को निशाना बनाकर किया गया था, जिसे भारतीय सुरक्षा बलों ने समय रहते विफल कर दिया. सेना ने सभी हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया.

इन इलाकों को बनाया गया निशाना

ड्रोन हमलों का असर जम्मू, सांबा, राजौरी (जम्मू-कश्मीर), पठानकोट और अमृतसर (पंजाब), जैसलमेर, बाड़मेर और पोखरण (राजस्थान) में देखा गया. इसके अलावा नियंत्रण रेखा (LoC) पर कुपवाड़ा, पुंछ, उरी, हंदवाड़ा और नौगाम सेक्टरों में भारी गोलीबारी की गई.

ड्रोन हमलों का निशाना बने कुछ प्रमुख शहर और जिले निम्नलिखित हैं:

  • पंजाब के अमृतसर में करीब 15 ड्रोन देखे गए. अधिकतर ड्रोन को सेना ने नष्ट कर दिया. शहर में रेड अलर्ट जारी किया गया.
  • जम्मू में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास पाकिस्तान ने लगातार दूसरे दिन बिना उकसावे के गोलेबारी की.
  • पंजाब के फिरोजपुर में तीन लोग घायल हो गए, जब एक ड्रोन का मलबा उनके घर पर गिरा और उसमें आग लग गई.
  • कश्मीर के बारामुला जिले में पाकिस्तान ने भारी गोलेबारी की. इलाके में ब्लैकआउट कर दिया गया और धमाकों की आवाजें सुनी गईं.
  • कुपवाड़ा जिले (उत्तर कश्मीर) में LoC पर भारी गोलीबारी जारी है.
  • पंजाब का पठानकोट भी पाकिस्तान की भारी गोलेबारी का शिकार बना.
  • राजस्थान के जैसलमेर में कम से कम नौ ड्रोन को मार गिराया गया.
  • बाड़मेर (राजस्थान) में भी एक पाकिस्तानी ड्रोन को स्थानीय प्रशासन ने मार गिराया.
  • जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में भी पाकिस्तान ने भारी गोलाबारी की.
  • पोखरण (राजस्थान) में कई पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते इंटरसेप्ट कर लिया.
  • जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में 8 से 10 ड्रोन को भारतीय सेना ने मार गिराया.
  • पुंछ जिले के शाहपुर कर्णी और देघवार इलाकों में पाकिस्तान ने सीज़फायर का उल्लंघन करते हुए मोर्टार से भारी गोलेबारी की.
  • पंजाब के गुरदासपुर जिले में तेज धमाके की आवाज सुनी गई.
  • जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा (नौगाम) इलाके में पाकिस्तान ने भारी ड्रोन हमला किया.
  • राजौरी जिले में भी कई ड्रोन देखे गए, जिसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई शुरू की.

अमृतसर में पांच जगह दिखे 15 से ज्यादा ड्रोन

अमृतसर में हालात बेहद गंभीर रहे. यहां पांच अलग-अलग स्थानों पर 15 से ज्यादा ड्रोन देखे गए, जिनमें से अधिकतर को नष्ट कर दिया गया. अमृतसर के उपायुक्त ने शहर में रेड अलर्ट जारी किया और लोगों को घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी.

जम्मू और पठानकोट में लगातार दूसरी रात बजा सायरन

पठानकोट और जम्मू में लगातार दूसरी रात ब्लैकआउट और सायरन की आवाजें सुनी गईं. इन इलाकों में सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बनाकर हमले किए गए थे. सुरक्षा कारणों से नागरिकों को सतर्कता बरतने को कहा गया है.

उमर अब्दुल्ला की नागरिकों से अपील

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर बताया कि वह लगातार विस्फोटों की आवाजें सुन रहे हैं. उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और घरों के अंदर रहने की अपील की. सरकार ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से दागे गए ड्रोन और मिसाइलों को भारतीय सेना ने सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर लिया. जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के चार एयर डिफेंस ठिकानों को निशाना बनाते हुए सटीक हमला किया.