Pakistan News: आर्थिक संकटों का सामना कर रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कर्ज मांगने के लिए पांच दिन की चीन का यात्रा पर निकल गए हैं.बीते दिनों ही शरीफ ने यूएई में कहा था कि वह दिन गए जब पाकिस्तान अपने मित्र देशों के सामने भीख का कटोरा फैलाता था.प्रधानमंत्री शरीफ अपनी बात पर ज्यादा समय तक कायम भी नहीं रह पाए और हफ्ते भर के अंदर ही उन्हें चीन के सामने मदद के लिए हाथ फैलाने पड़ रहे हैं. बजट पेश करने से पहले वह पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की यात्रा पर निकल गए हैं.
पाकिस्तानी समाचार वेबसाइट, जियो न्यूज की खबर के अनुसार, शरीफ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ली कियांग के निमंत्रण पर चीन की यात्रा पर जा रहे हैं. शरीफ 4 से 8 जून तक चीन की पांच दिनों की यात्रा पर जा रहे हैं. यहां पहुंचकर वे चीनी प्रेसिडेंट से मुलाकात करेंगे और पीएम कियांग के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा कि वहां पहुंचक वजीर-ए-आजम चीन के आर्थिक और कृषि क्षेत्रों का दौरा करेंगे. इसके अलावा वे पाकिस्तान और चीन व्यापार मंच को भी संबोधित करेंगे.
बयान में कहा गया है कि पीएम शरीफ की इस यात्रा के दौरान तेल, गैस, आईटी, एनर्जी और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करने वाली चीनी कंपनियों के अधिकारियों के साथ वार्ता करेंगे. इन बैठकों का प्रमुख मकसद पाक में निवेश लाने के लिए कंपनियों को मनाना है. इसके अलावा वह दोनों देशों के बीच चीन पाक आर्थिक गलियारा को और उन्नत करने, विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए आपसी चर्चा भी करेंगे.
पाक विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि पीएम शरीफ की यात्रा दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत करेगी. इससे पहले पीएम शहबाज शरीफ ने चीन की यात्रा से पहले एक समीक्षा बैठक भी की. पाकिस्तान में 10 जून को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अपना बजट पेश करने वाली है. पाक सरकार आईएमएफ से फंड लेने की भी कोशिश कर रही है.