menu-icon
India Daily

अमेरिकी महिला ने 16 साल के बेटे को बंदूक गिफ्ट की, उसने ओरेगन के स्कूल में 4 लोगों की ले ली जान

ओरेगन के सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में 16 वर्षीय किशोर ने गोलीबारी कर तीन बच्चों और एक शिक्षक की हत्या कर दी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को उसकी मां ने जन्मदिन पर कानूनी रूप से खरीदी गई शॉटगन गिफ्ट की थी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अमेरिकी महिला ने 16 साल के बेटे को बंदूक गिफ्ट की, उसने ओरेगन के स्कूल में 4 लोगों की ले ली जान
Courtesy: Pinterest

अमेरिका के ओरेगन राज्य में स्कूल शूटिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, 16 वर्षीय आरोपी ग्रिफिन जे. जॉन II को उसकी मां ने जन्मदिन के मौके पर एक शॉटगन गिफ्ट की थी. इसी बंदूक से किशोर ने पिछले सप्ताह सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में गोलीबारी कर तीन बच्चों और एक शिक्षक की हत्या कर दी.

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी की मां शॉन्ताई निकर्सन ने अगस्त 2026 में Maverick 88 पंप-एक्शन 12-गेज शॉटगन कानूनी तरीके से खरीदी थी. इसके बाद उन्होंने यह बंदूक अपने बेटे को मनोरंजन और शूटिंग के लिए इस्तेमाल करने के लिए दी थी. घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि इतनी कम उम्र के किशोर के हाथ में बंदूक कैसे पहुंची और हथियार तक उसकी पहुंच को लेकर क्या सावधानियां बरती गई थीं.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्कूल पहुंचने से पहले एक गुजर रहे पिकअप ट्रक पर गोली चलाई थी. ट्रक के ड्राइवर ने सबसे पहले 911 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद आरोपी ने स्कूल के बंद कांच के दरवाजों पर गोली चलाकर अंदर प्रवेश किया.

स्कूल में घुसने के बाद आरोपी बाईं ओर स्थित पहली कक्षा में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर गोली चला दी. पुलिस के मुताबिक, उस समय कक्षा में कुल नौ लोग मौजूद थे, जिनमें चार वयस्क और पांच बच्चे शामिल थे. गोलीबारी में तीन बच्चों और एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए.

कितने लोगों की हुई मौत?

मारे गए बच्चों में 5 वर्षीय रोहम समर भी शामिल था. इसके अलावा 8 और 11 साल के दो बच्चों की भी मौत हुई. गोलीबारी में 25 वर्षीय शिक्षिका मेगन लैम्बर्ट की भी जान चली गई. एक 7 वर्षीय बच्ची और 54 वर्षीय शिक्षक घायल हुए हैं.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को एक स्थानीय व्यक्ति कायलुब जियामांको ने गोली मारकर रोक दिया. जियामांको ने आरोपी को पिकअप ट्रक पर गोली चलाते देखा था और उसका पीछा करते हुए स्कूल के अंदर पहुंच गया. उस समय एक शिक्षक आरोपी से हथियार छीनने के लिए उससे भिड़े हुए थे. इसी दौरान जियामांको ने आरोपी पर गोली चला दी.

हमले के पीछे की वजह 

जियामांको की दो बेटियां भी सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में पढ़ती हैं. घटना के बाद पुलिस आरोपी के हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है. वहीं, मारे गए बच्चों में से एक के माता-पिता ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और हथियार स्कूल तक पहुंचने से जुड़े सवालों की जांच के लिए वकीलों की मदद ली है.

अब अभियोजक यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस मामले में स्कूल डिस्ट्रिक्ट की कोई कानूनी जिम्मेदारी बनती है या नहीं. जांच में आरोपी को बंदूक मिलने के तरीके, स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और हमले से पहले की परिस्थितियों को भी खंगाला जा रहा है.