ईरान में बढ़ी सियासी हलचल, मोजतबा खामेनेई और राष्ट्रपति पेजेशकियन की हुई खास मुलाकात
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई से मुलाकात की है. हालांकि, मुलाकात की जगह और समय सार्वजनिक नहीं किया गया. खामेनेई के लंबे समय से सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आने के कारण इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ईरान के सुप्रीम लीडर के कार्यालय की ओर से सत्ता के शीर्ष स्तर पर रविवार को हुई एक अहम बैठक की जानकारी दी गई. बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने मोजतबा खामेनेई से मुलाकात की. दोनों नेताओं की यह खास मुलाकात पेजेशकियन के राष्ट्रपति के तौर पर तीसरे साल की शुरुआत के मौके पर हुई.
सुप्रीम लीडर के कार्यालय की ओर से यह नहीं बताया गया कि दोनों नेताओं की मुलाकात कब और कहां हुई. खामेनेई के सुप्रीम लीडर का पद संभालने के बाद से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने के कारण इस मुलाकात ने खासा ध्यान खींचा है.
पेजेशकियन के बयान से बढ़ी थी चिंता
इस बैठक से पहले राष्ट्रपति पेजेशकियन ने खामेनेई से संवाद को लेकर बड़ा बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि मौजूदा परिस्थितियों में 56 वर्षीय सुप्रीम लीडर से बातचीत करना काफी मुश्किल हो गया है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खामेनेई की मौजूदगी ईरान के लिए बहुत बड़ी ताकत है और संघर्ष को लेकर देश की रणनीति तय करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बनी हुई है. पेजेशकियन ने खामेनेई के व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने हमेशा उनके साथ दयालुता और उचित तर्क के साथ व्यवहार किया है.
Also Read
खामेनेई की सेहत पर उठे सवाल
पेजेशकियन के बयान के बाद खामेनेई की सेहत को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं. कुछ इजरायली मीडिया रिपोर्टों में उनकी हालत को लेकर गंभीर दावे किए गए. वहीं, ईरान इंटरनेशनल की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि पेजेशकियन की खामेनेई से एक मुलाकात राजधानी तेहरान में एक गुप्त स्थान पर हुई थी. रिपोर्ट में कहा गया कि बैठक अंधेरे में कुछ मिनट तक चली और पेजेशकियन खामेनेई को देख भी नहीं सके. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
मोजतबा खामेनेई का नया वीडियो
इसी बीच ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने रविवार को खामेनेई का करीब 12 सेकंड का वीडियो जारी किया. इसमें वह एक गुप्त स्थान पर अपने सलाहकारों के साथ बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में उन्हें अमेरिका के साथ जारी टकराव को लेकर ईरान की रणनीति पर चर्चा करते हुए दिखाया गया है. यह वीडियो ऐसे समय पर सामने आया है, जब खामेनेई की सार्वजनिक अनुपस्थिति और स्वास्थ्य को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. माना जा रहा है कि वीडियो जारी करने का उद्देश्य उनकी सक्रियता और नेतृत्व को लेकर उठ रही अटकलों को शांत करना भी हो सकता है.