मार्क जुकरबर्ग ने आयरलैंड में खरीदा 440 एकड़ वाला ऐतिहासिक स्ट्रैनकली कैसल, कीमत ₹300 करोड़ के करीब
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चैन ने आयरलैंड के काउंटी वॉटरफोर्ड में एक बहुत पुराना और आलीशान किला खरीद लिया है.
नई दिल्ली: मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चैन ने आयरलैंड के काउंटी वॉटरफोर्ड में एक बहुत पुराना और आलीशान किला खरीद लिया है. यह ऑफ-मार्केट डील में हुआ, यानी खुले बाजार में नहीं बल्कि सीधी बातचीत से. उन्होंने ब्लैकवॉटर नदी के किनारे बसी 440 एकड़ जमीन के साथ स्ट्रैनकली कैसल का अधिग्रहण किया है.
यह खरीदारी कई हफ्ते पहले पूरी हो चुकी थी. कीमत अभी आयरलैंड के प्रॉपर्टी प्राइस रजिस्टर में दर्ज नहीं हुई है. द आइरिश टाइम्स के अनुसार, इसकी कीमत 20 से 30 मिलियन यूरो यानी लगभग 224 से 336 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है.
मेटा के प्रवक्ता ने दी पुष्टि:
मेटा के एक प्रवक्ता ने बताया कि मार्क और उनका परिवार इस ऐतिहासिक घर की देखभाल जारी रखना चाहते हैं. वे आयरलैंड में समय बिताने के लिए उत्सुक हैं. याद रहे कि मेटा का इंटरनेशनल हेडक्वार्टर आयरलैंड में ही है. कंपनी ने 2009 से वहां अपना यूरोपीय हेडक्वार्टर रखा हुआ है. इस खरीदारी से जुकरबर्ग परिवार को कंपनी के आयरिश ऑफिस के काफी करीब एक बड़ी निजी संपत्ति मिल गई है.
Also Read
कैसल कितना बड़ा और पुराना है?
स्ट्रैनकली कैसल तीन मंजिला गॉथिक रिवाइवल शैली का है. यह करीब 16,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है. इसे लगभग 1830 में पूर्व टोरी सांसद जॉन कीली के लिए बनवाया गया था. कैसल इतना बड़ा है कि किचन से डाइनिंग रूम तक पहुंचने में कई मिनट लग जाते हैं. ब्लैकवॉटर नदी के किनारे इसकी लोकेशन बेहद खूबसूरत है.
पिछले मालिकों ने किया था रिनोवेशन:
इसके पहले मालिक माइकल और जियानकार्ला एलन-बकली थे. माइकल लंदन की प्राइवेट इन्वेस्टमेंट फर्म आरएबी कैपिटल के सह-संस्थापक हैं. उन्होंने करीब 25 साल पहले यह किला खरीदा था और इन सालों में इसका बड़ा रिनोवेशन करवाया. इस कपल ने कहा था, “हम 25 साल के अपने घर को स्नेह के साथ छोड़ रहे हैं. स्ट्रैनकली कैसल को बचाने और सुधारने का जो मौका हमें मिला, उसके लिए हम आभारी हैं.” उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि जुकरबर्ग परिवार संपत्ति और उसके मैदानों में निवेश जारी रखेंगे.
जुकरबर्ग का आयरलैंड से पुराना नाता:
यह जुकरबर्ग की आयरलैंड में पहली बड़ी प्रॉपर्टी रुचि नहीं है. पिछले साल लिबर्टी मीडिया के अरबपति जॉन मालोन ने बताया था कि जुकरबर्ग ने काउंटी किल्डेयर में कैसलमार्टिन हाउस और एस्टेट खरीदने के लिए उनसे संपर्क किया था. स्ट्रैनकली कैसल योगल शहर से करीब 30 मिनट की दूरी पर ब्लैकवॉटर वैली में स्थित है. आसपास बैलीनाट्रे हाउस और लिस्मोर कैसल जैसी कई प्रसिद्ध संपत्तियां भी हैं.