'पुलवामा हमले का बदला लिया...' लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली पाकिस्तानी आतंकी हमजा बुरहान की हत्या की जिम्मेदारी

पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की पीओके में हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े टायसन बिश्नोई ने सोशल मीडिया पोस्ट किया. उसने इस पोस्ट में लिखा कि हमजा को उसने ही मरवाया है.

X
Ashutosh Rai

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हमजा बुरहान की हत्या ने पूरी दुनिया में हलचल मचा दी. मुजफ्फराबाद में हुई गोलीबारी में हमजा की मौके पर मौत हो गई. इस हत्या के बाद कई लोगों को बुरहान के हत्यारों के बारे में जानना था. इसी बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े टायसन बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हत्या की जिम्मेदारी ले ली. अब ये पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

पीओके में हमजा बुरहान की हत्या

पीओके के मुजफ्फराबाद इलाके में हमजा बुरहान पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोली लगने के बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हमजा का नाम लंबे समय से भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों से जुड़ता रहा है. सुरक्षा एजेंसियां उसे पुलवामा हमले से जुड़े नेटवर्क का मास्टरमाइंड मानती हैं.

tyson bishnoi Screenshot

लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी

घटना के कुछ ही समय बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे टायसन बिश्नोई का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस पोस्ट में उसने लिखा कि, 'राम राम सभी भाइयों को, आज पाकिस्तान में हमजा बुहरान की छाती में burst लगे हैं. ये मैंने Tyson Bishnoi और DC_Group ने अपने बड़े भाई Lawrence Bishnoi और हमारे ग्रुप के सहयोग से देश का पुलवामा हमले का बदला लिया है. मैं जितने भी पाकिस्तान में छुपे आतंकवादी और नशे के तस्कर हैं, जो drones के जरिए हमारे देश में नशा भेजते हैं, सबको खत्म करके दिखाऊंगा. मेरी भारत सरकार से एक विनती है कि जो मेरा नाम आपने operation global hunt में डाला है, नशा तस्करों के साथ ये सरासर झूठ है. मैंने ज़िंदगी में नशा तस्करों को दूर, नशा छुआ भी नहीं है और कोई साबित कर दे तो मैं खुद भारत आकर सरेंडर कर दूंगा.'

पुलवामा हमले से जुड़ा था नाम

14 फरवरी 2019 को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर हुए पुलवामा हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था. इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे. आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी जवानों के काफिले से टकरा दी थी. जांच एजेंसियों ने बाद में कई आतंकियों और उनके नेटवर्क की पहचान की थी. हमजा बुरहान का नाम भी इसी दौरान सामने आया था. भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उसे लंबे समय से ट्रैक कर रही थी.