Israel-Hamas war: इजरायल और हमास के बीच चल रहे करीब सवा साल पुराना संघर्ष अब खत्म होने की कगार पर आ गया है. अमेरिका और अरब देशों के मध्यस्थों ने संघर्ष विराम और गाजा पट्टी में बंधकों की रिहाई के प्रयास में महत्वपूर्ण प्रगति की है. दरअसल, वार्ता में शामिल दो अधिकारियों ने बताया कि हमास ने गाजा पट्टी में युद्ध विराम और दर्जनों बंधकों की रिहाई के लिए एक मसौदा समझौते को स्वीकार कर लिया है. एक इज़रायली अधिकारी ने बताया कि प्रगति हुई है, लेकिन इस मसौदे को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
एसोसिएटेड प्रेस ने इस प्रस्तावित समझौते की एक प्रति प्राप्त की है. इस समझौते की प्रामाणिकता की पुष्टि एक मिस्री अधिकारी और एक हमास अधिकारी ने की है. यह योजना अब इज़राइल की कैबिनेट के पास भेजी जाएगी, जहां इसे अंतिम मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा.
हमास और इजरायल के बीच गोपनीय वार्ता में हुई प्रगति
तीनों अधिकारियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर इस बंद दरवाजे की वार्ता के बारे में जानकारी दी. हालांकि, बातचीत की कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है, लेकिन अंतिम विवरण और समयसीमा अभी भी चर्चा में हैं. यह समझौता गाजा पट्टी में जारी हिंसा को कम करने और बंधकों की रिहाई के लिए एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है, जिससे क्षेत्र में कुछ राहत की उम्मीद जताई जा रही है.
इसराइल-हमास युद्ध में अब तक हज़ारों की हुईं मौत
बता दें कि, इसरायल और हमास के बीच यह युद्ध 7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इसरायल पर हमास के हमले के बाद शुरू हुआ था. इस हमले में 1,200 लोग मारे गए थे और 251 अन्य लोगों को हमास ने बंधक बना लिया था. इसके जवाब में इसरायल ने हमास के खिलाफ लिए गाजा में सैन्य आक्रमण शुरू कर दिया. उधर, गाजा के हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ इन हमलों में 46,500 से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए हैं. जबकि, इसरायल का कहना है कि 94 बंधक अभी भी गाजा में मौजूद हैं, जिनमें से 34 की मौत की आशंका है. इसके अलावा 4 अन्य इसराइलियों का भी युद्ध से पहले अपहरण किया गया था, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है.