नई दिल्ली: इजरायल ने दावा किया है कि उसने गाजा सिटी में किए गए एक हमले में हमास के टॉप कमांडर राद साद को मार गिराया है. इजरायली सेना के अनुसार राद साद हमास में हथियार निर्माण का प्रमुख था और इससे पहले संगठन के ऑपरेशंस डिवीजन की जिम्मेदारी संभाल चुका था. इजरायल का कहना है कि राद साद 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए बड़े हमले का मास्टरमाइंड था, जिसके बाद यह युद्ध शुरुआत हुआ था.
इजरायल ने शनिवार को बताया कि गाजा के दक्षिणी इलाके में एक विस्फोटक डिवाइस फटने से उसके दो सैनिक घायल हो गए थे. इसके बाद जवाबी कार्रवाई के तहत गाजा सिटी में यह हमला किया गया. इजरायली अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई हमास के वरिष्ठ कमांडरों को निशाना बनाकर की गई थी.
One of the main planners of the October 7th Massacre, the Head of Hamas’s Weapons Production Headquarters, Ra’ad Sa’ad, was killed in an Israeli airstrike in Gaza. pic.twitter.com/EG1xUZ36Mr
— Imtiaz Mahmood (@ImtiazMadmood) December 14, 2025
इजरायली बयान में कहा गया है कि राद साद युद्धविराम लागू होने के बावजूद हमास को दोबारा संगठित करने और हथियारों की आपूर्ति मजबूत करने में लगा हुआ था. इजरायल का आरोप है कि वह भविष्य में हमलों की तैयारी कर रहा था. इसी वजह से उसे एक हाई वैल्यू टारगेट माना गया था.
हालांकि हमास ने राद साद की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. हमास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गाजा सिटी के बाहर आम नागरिकों की एक गाड़ी को निशाना बनाया गया. संगठन ने इस हमले को 10 अक्टूबर से लागू युद्धविराम का उल्लंघन बताया है. न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार गाजा सिटी के पश्चिमी इलाके में हुए इस इजरायली हमले में चार लोगों की मौत हो गई है. मृतकों के शव शिफा अस्पताल लाए गए हैं. वहीं अल-अवदा अस्पताल के मुताबिक इस हमले में तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद गाजा में तनाव और बढ़ गया है.
स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. अगर हमास के शीर्ष कमांडरों के मारे जाने की पुष्टि होती है तो इससे संगठन की सैन्य क्षमताओं पर असर पड़ सकता है. साथ ही युद्धविराम की स्थिति पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ने की आशंका है.