menu-icon
India Daily

इजरायली हमलों से वीरान हुआ गाजा, जान बचाने के लिए राह तलाश रहे फिलिस्तीनी 

Israel Hamas War: इजरायली हमलों से लगातार फिलिस्तीनी लोगों की मौत हो रही है. इजरायली सेना ने बीते दिनों खान यूनिस शहर को खाली करने का आदेश दिया था. इसके बाद वहां रहने वाले शरणार्थी बड़ी संख्या में पलायन कर रहे हैं. इजरायली सेना के ताजा हमलों में दर्जनों लोगों की मौत हो गई है.

India Daily Live
इजरायली हमलों से वीरान हुआ गाजा, जान बचाने के लिए राह तलाश रहे फिलिस्तीनी 
Courtesy: Social Media

Israel Hamas War: इजरायली हमले में गाजा पूरी तरह तबाह हो चुका है,इसके बाद भी उसके लगातार हमले जारी हैं. इजरायली हमलों से बचने के लिए फिलिस्तीनी नागरिक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं. इजरायली सेना ने दीर अल-बलाह, खान यूनिस और वेस्ट बैंक इलाके में भीषण हवाई हमलों को अंजाम दिया है. इन हमलों में लगभग 17 फिलिस्तीनी लोगों की जान भी गई है. जान गंवाने वालों में कई ऐसे लोग भी शामिल थे जो खान यूनिस से भागकर दीर अल बलाह आए थे. 

इजरायल के ताजा हमलों में दीर-अल बलाह शहर के कुल 8 लोग मारे गए हैं. मरने वालों में चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं.यह सभी लोग हाल ही में फिलिस्तीन से विस्थापित होकर खान यूनिस से भागकर यहां पहुंचे थे. खान यूनिस में हुए हमले में भी 9 लोगों की मौत हुई है.

खान यूनिस को खाली करने का आदेश 

इससे पहले सोमवार को इजरायली सेना ने खान यूनिस को खाली करने का आदेश दिया था. इस आदेश के बाद वहां से बड़े पैमाने पर विस्थापन हो रहा है और लगातार पलायन जारी है. वहां के एक शरणार्थी ने कहा कि मैं चलने की स्थिति में नहीं हूं, मैंने कल से कुछ भी नहीं खाया है. 

लेबनान के साथ बढ़ रहा तनाव 

रिपोर्ट के अनुसार, गाजा के अलावा वेस्ट बैंक का इलाका भी इजरायली सेनाओं के निशाने पर है. वेस्ट बैंक के नूर शम्स शरणार्थी शिविर पर हमले में जिसमें चार लोगों की मौत हुई है. सात अक्तूबर के बाद इजरायली हमले में अब तक 38 हजार लोगों की मौत हो चुकी है.  वहीं, दूसरी ओर इजरायल और लेबनान के हिजबुल्लाह संगठन के बीच टकराव लगातार बढ़ता ही जा रहा है. यह टकराव भीषण जंग में ना बदल जाए, ऐसे में इजरायली रक्षा मंत्री ने बीते दिनों लेबनान की सीमा का दौरा किया था और ताजा हालात का जायजा लिया था.