अभी कितना और खिंचेगा ईरान से युद्ध? पूर्व अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कर दिया खुलासा, ट्रंप को दे डाली चेतावनी

पूर्व अमेरिकी रक्षा मंत्री लियोन पैनेटा ने चेतावनी दी है कि ईरान के साथ जारी संघर्ष अगले छह महीने तक खिंच सकता है और यह एक अंतहीन युद्ध बन सकता है.

@BRICSinfo
Sagar Bhardwaj

अमेरिका के पूर्व रक्षा मंत्री लियोन पैनेटा ने चेतावनी दी है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के बीच जारी संघर्ष अगले छह महीने तक खिंच सकता है. एक इंटरव्यू में पैनेटा ने कहा कि दोनों देश एक भयानक गतिरोध में फंसे हुए हैं और अमेरिका के पास इस संघर्ष से बाहर निकलने या इसे सुलझाने के बहुत सीमित विकल्प बचे हैं.

'अंतहीन युद्ध' बनने का मंडरा रहा खतरा

पूर्व सीआईए (CIA) डायरेक्टर पैनेटा का मानना है कि यह विवाद इराक और अफगानिस्तान की तरह मध्य पूर्व में एक और 'अंतहीन और विफल युद्ध' में तब्दील हो सकता है. पैनेटा का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी सेना के सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ मतभेदों के चलते अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया.

पेंटागन की अंदरूनी उथल-पुथल पर चिंता

पैनेटा ने कहा कि पेंटागन और उसके कमांड स्ट्रक्चर में जारी भारी उथल-पुथल से दुनिया भर में अमेरिका की कमजोरी का संदेश जा रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि चीन, रूस और उत्तर कोरिया जैसे वैश्विक प्रतिद्वंद्वी इस आंतरिक कलह का फायदा उठा सकते हैं, क्योंकि उन्हें लग रहा है कि मौजूदा समय में अमेरिकी नेतृत्व स्थिति को संभालने में असमर्थ है.


जीत के लिए अमेरिका को बदलनी होगी रणनीति

जब पैनेटा से पूछा गया कि क्या अमेरिका यह युद्ध जीत सकता है, तो उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है जब अमेरिका अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करे. उन्होंने कहा कि अमेरिका का मुख्य उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलना होना चाहिए. उन्होंने ट्रंप के उन दावों पर भी सवाल उठाए जिनमें युद्ध जल्द खत्म होने की बात कही गई थी.

पेंटागन ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी ओर, पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने पैनेटा के दावों और अव्यवस्था की खबरों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है. पार्नेल ने कहा कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के नेतृत्व में विभाग पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है और इसे अव्यवस्था कहना देश की रक्षा में लगे सैनिकों और अधिकारियों का अपमान है.