menu-icon
India Daily

जंग से टूटा ईरान! इंटरनेट बंद और महंगाई से त्रस्त ईरानी, बॉर्डर खुलते ही झोला लेकर कहां जा रहे लोग? सामने आई हकीकत

ईरान में युद्ध और महंगाई के कारण हालात गंभीर हो गए हैं. लोग सस्ता राशन खरीदने, इंटरनेट इस्तेमाल करने और काम की तलाश में इराक के कुर्द इलाके में जा रहे हैं. हाजी उमरान बॉर्डर खुलने के बाद बड़ी संख्या में ईरानी परिवार वहां पहुंच रहे हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
जंग से टूटा ईरान! इंटरनेट बंद और महंगाई से त्रस्त ईरानी, बॉर्डर खुलते ही झोला लेकर कहां जा रहे लोग? सामने आई हकीकत
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान में हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं. युद्ध, महंगाई और इंटरनेट बंदी के कारण आम लोगों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है. अब बड़ी संख्या में ईरानी नागरिक जरूरत की चीजें खरीदने, इंटरनेट इस्तेमाल करने और काम की तलाश में पड़ोसी देश इराक की ओर जा रहे हैं.

रविवार को जब ईरान और इराक के बीच हाजी उमरान बॉर्डर क्रॉसिंग दोबारा खोली गई, तो दर्जनों ईरानी परिवार उत्तरी इराक के कुर्द इलाके में पहुंच गए. लोग अपने झोले में सस्ता चावल, खाना पकाने का तेल, सिम कार्ड और अन्य जरूरी सामान भरकर वापस लौटते दिखाई दिए. युद्ध और बढ़ती महंगाई के कारण ईरान में खाने पीने की चीजें काफी महंगी हो गई हैं, जिससे आम लोगों के लिए गुजारा करना मुश्किल हो गया है.

सीमा पार कर आए लोगों ने क्या बताया?

ईरान से सीमा पार कर आए कई लोगों ने बताया कि लगातार हो रहे हवाई हमलों और आर्थिक संकट के कारण देश में हालात बेहद कठिन हो गए हैं. बहुत से लोग सिर्फ सस्ता राशन खरीदने और अपने रिश्तेदारों से संपर्क करने के लिए इराक जा रहे हैं. कई ट्रक भी इराक पहुंच रहे हैं, जहां से सस्ता सामान खरीदकर वापस ईरान ले जाया जा रहा है.

इराक के कुर्द क्षेत्र के साथ ईरानी कुर्द समुदाय के लंबे समय से पारिवारिक और आर्थिक संबंध रहे हैं. पहले भी लोग यहां आते जाते रहते थे लेकिन युद्ध शुरू होने के बाद सीमा बंद कर दी गई थी. अब क्रॉसिंग खुलने के बाद यह इलाका युद्धग्रस्त ईरानियों के लिए बाहरी दुनिया से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण रास्ता बन गया है.

पीरानशहर की रहने वाली एक कुर्द महिला ने क्या बताया?

पीरानशहर की रहने वाली एक कुर्द महिला भी सीमा पार करके इराक पहुंची. उसने बताया कि वह सिर्फ एक फोन कॉल करने और सिम कार्ड खरीदने के लिए आई है, क्योंकि ईरान के कई हिस्सों में इंटरनेट सेवा बंद है. उसने कहा कि पिछले कई दिनों से उसके रिश्तेदारों को उसकी कोई खबर नहीं मिली थी.

महिला ने इराक के बाजार से सस्ता चावल और खाना पकाने का तेल खरीदा. उसने बताया कि युद्ध के कारण ईरान में इन चीजों की कीमतें बहुत बढ़ गई हैं और लोग घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं.

क्यों कर रहे लोग सीमा पार?

एक अन्य बुजुर्ग महिला भी भारी बारिश में अकेले सीमा पार करती दिखाई दी. वह अपने रिश्तेदारों से मदद मांगने के लिए इराक के कुर्द इलाके में जा रही थी. उसके बेटे की कुछ समय पहले सीमा क्षेत्र में गोली लगने से मौत हो गई थी और अब उसे अपने तीन छोटे बच्चों की परवरिश करनी पड़ रही है.

इसी तरह कई ईरानी मजदूर भी इराक के कुर्द क्षेत्र में काम करने जा रहे हैं. उनका कहना है कि वे अपने परिवार को पीछे छोड़कर सिर्फ इसलिए काम करने आए हैं ताकि कुछ पैसे कमा सकें और बढ़ती महंगाई के बीच अपने घर का खर्च चला सकें.