मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता ही जा रहा है. अमेरिका और ईरान दोनों एक दूसरे को चेतावनी देते थक नहीं रहे हैं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद अब ईरान की ओर से IRGC ने भी अपनी प्रतिक्रिया दे दी है. जिसमें ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है कि इस युद्ध का अंत तेहरान तय करेगा.
IRGC के प्रवक्ता ने ट्रंप के बयानों को बकवास बताते हुए अमेरिका को चेतावनी भी दी है. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका और इजरायल के हमले नहीं रुके तो इलाके से एक लीटर तेल भी एक्सपोर्ट नहीं हो पाएगा. प्रवक्ता ने साफ कहा कि सुरक्षा सबके लिए होगी या फिर किसी के लिए नहीं होगी.
ट्रंप ने पहले सोशल मीडिया पर ईरान को चेतावनी देते हुए लिखा था कि अगर तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल रोकने की कोशिश करेगा तो अमेरिका बीस गुना ज्यादा सख्त जवाब देगा. उन्होंने कहा था कि अमेरिका की ओर से ऐसे हमले किए जाएंगे कि देश को दोबारा खड़ा होना मुश्किल हो जाएगा. इस चेतावनी के बाद ट्रंप ने उम्मीद जताई थी कि ऐसा नहीं होगा. हालांकि उनकी ये कोशिश नाकाम होती नजर आ रही है.
ईरान ने पलटवार करते हुए साफ चेतावनी दी है कि अगर हमले नहीं रुके तो एक भी जहाज को पार नहीं करने देगा. ट्रंप ने अपने सैनिकों की तैयारी के बारे में कहा कि ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियान शुरुआती समय से बहुत आगे है, इसे सफल माना जा सकता है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि ईरान की ड्रोन बनाने वाली जगहों पर हमले से ड्रोन लॉन्च 83% कम हो गए हैं.
अमेरिका और इजरायल ने मिलकर शनिवार को तेहरान और अल्बोर्ज़ प्रांत में पांच तेल डिपो पर हमला किया. जिसकी वजह से आग की लपटें रविवार तक नजर आई, साथ ही पूरी राजधानी काले धुएं की चपेट में आ गया. शहर में विजिबिलिटी कम हो गई और कुछ इलाकों से धमाकों की भी खबरें आईं. ईरानी अधिकारियों ने कहा कि जलते डिपो से जहरीले पदार्थ फैल रहे हैं. रेड क्रिसेंट ने चेतावनी दी कि बारिश होने पर जहरीला एसिड रेन हो सकता है.
पर्यावरण विभाग की ओर से लोगों को घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है. तेहरान में ईंधन सप्लाई बाधित हुई, लेकिन दो-तीन दिनों में सामान्य होने की उम्मीद है. ईरानी अधिकारी कहते हैं कि देश लंबे संघर्ष के लिए तैयार है. IRGC प्रवक्ता ने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज़ मिसाइल, ड्रोन और अटैक वेसल जमा हैं. उनका दावा है कि ईरान कम से कम छह महीने तक तेज लड़ाई झेल सकते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले दिनों में नई रणनीति अपनाई जाएगी और लंबी दूरी की एडवांस्ड मिसाइल तैनात की जाएंगी. अब तक इस जंग में 1300 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है.